पेट्रोल में आग लगने से छात्र सहित दो लोग झुलसे

अलवर ,राजस्थान
अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के महाराजपुरा गांव में एक बाइक सर्विस स्टेशन पर पेट्रोल में आग लगने से दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में एक 15 वर्षीय छात्र भीम सिंह और मैकेनिक मजीद शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, भीम सिंह बाइक सर्विस कराने पड़ोस की दुकान पर गया हुआ था। इसी दौरान एक ग्राहक ने बीड़ी पीकर जली हुई तीली पेट्रोल के पास फेंक दी, जिससे वहां आग लग गई। भीम सिंह आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। उसे बचाने के प्रयास में मैकेनिक मजीद भी आग की लपटों में आ गया। दोनों को तत्काल सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
मैकेनिक मजीद ने बताया कि मैं बाइक की सर्विस कर रहा था, तभी एक आदमी ने बीड़ी पीकर तीली नीचे फेंकी, जहां पेट्रोल गिरा हुआ था। अचानक आग लग गई। मैंने बच्चे को बचाने की कोशिश की, पर खुद भी झुलस गया। अस्पताल में इलाज चल रहा है।
- अनिल गुप्ता






