खैरथल निजी विद्यालय संघ की बैठक में अहम फैसला:दीपावली अवकाश और ट्रांसपोर्ट शुल्क बढ़ाने पर बनी सहमति
खैरथल (हीरालाल भूरानी): खैरथल निजी विद्यालय संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल में संघ के अध्यक्ष सुनील यादव के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के निजी विद्यालयों के संचालन से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों और समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया, जिसके बाद कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
ट्रांसपोर्ट शुल्क बढ़ाने का निर्णय, 1 अप्रैल से होगा लागू
संघ के प्रवक्ता पंकज खुराना ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक के दौरान मुख्य रूप से दीपावली अवकाश, आरटीई (RTE) भुगतान के मामलों और वाहनों के बढ़ते खर्च के मध्यनजर ट्रांसपोर्ट शुल्क में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया। यह बढ़ा हुआ ट्रांसपोर्ट शुल्क आगामी 1 अप्रैल से लागू किया जाएगा। इसके अलावा, विद्यालयों के सुचारू संचालन और शिक्षा गुणवत्ता को और बेहतर बनाने को लेकर भी रूपरेखा तैयार की गई।
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर
संघ अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि निजी विद्यालय समाज में शिक्षा का अलख जगाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। संघ का मुख्य उद्देश्य न केवल विद्यालयों के हितों की रक्षा करना है, बल्कि क्षेत्र में शैक्षणिक स्तर को और अधिक सुदृढ़ बनाना भी है। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने एक स्वर में संघ के निर्णयों का समर्थन किया।
प्रमुख पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में संघ के संरक्षक मुकेश शर्मा, बस्ती राम यादव, सचिव राजेंद्र आनंद, उपाध्यक्ष पवन चौधरी, उपाध्यक्ष दीनदयाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष अभिषेक गोयल, एडवोकेट नवीन यादव, जयकिशन चौधरी, बबलू सैनी, राजपाल यादव, और राजेंद्र चौधरी सहित खैरथल क्षेत्र के तमाम निजी विद्यालयों के संचालक एवं अन्य गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

