"क्षेत्र के विकास में नहीं छोड़ेंगे कोई कसर": पसौपा में सतवीर कसाना का दावा, बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का दिया भरोसा
डीग, 28 अक्टूबर (नीरज जैन):
डीग जिले के उपखंड क्षेत्र अंतर्गत गांव पसौपा स्थित पोखर वाले मंदिर पर बुधवार को एक विशाल चुनावी बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पसौपा, काहरीका, उदयपुरी, अलीपुर सहित आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों के सर्व समाज के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में जिला परिषद वार्ड संख्या 19 से भाजपा प्रत्याशी सविता कसाना का ग्रामीणों द्वारा ढोल-नगाड़ों, मालाओं और साफे के साथ गर्मजोशी से ऐतिहासिक स्वागत किया गया और उन्हें चुनाव में अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की गई।
सड़क, पानी, बिजली और शिक्षा का होगा कायाकल्प: बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता सतवीर कसाना ने कहा कि उनकी पत्नी सविता कसाना वार्ड 19 के समग्र विकास और जन-जन की समस्याओं के स्थायी समाधान का सपना लेकर चुनावी मैदान में उतरी हैं। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला परिषद सदस्य चुने जाने पर क्षेत्र के प्रत्येक गांव और ढाणी में सड़क, पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, शिक्षा एवं चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाओं के गुणवत्तापूर्ण विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
जनता के भरोसे पर उतरूंगी खरी: सविता कसाना वहीं, जिला परिषद प्रत्याशी सविता कसाना ने उपस्थित जनसमूह और सर्व समाज के बुजुर्गों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता से मिल रहा अपार स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ क्षेत्र की समस्याओं के निस्तारण और विकास कार्यों को गति देने के लिए समर्पित रहेंगी।
ग्रामीणों ने जताई एकजुटता: बैठक के दौरान विभिन्न गांवों से आए सर्व समाज के पंच-पटेलों और प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजय बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, युवा और वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

