नई फसल के भाव 30 से 50 रुपए प्रति किलो तक खैरथल प्याज मंडी में लौटी रौनक, किसानों को गत सीजन के घाटे की भरपाई की आस
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
प्याज की नई फसल की आवक शुरू होते ही खैरथल मंडी में रौनक बढ़ने लगी है। सुबह से ही किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों में उपज लेकर पहुंच रहे हैं। इस बार किसानों की निगाहें बेहतर भाव पर टिकी है। पिछले सीजन में बारिश से फसल खराब होने और बाजार में बेहद कम कीमत मिलने के कारण हुए नुकसान की चिंता अब भी उनके मन में है। ऐसे में नई फसल से उम्मीदें जगी है, लेकिन लागत निकालने की चुनौती बरकरार है। मंडी व्यापारी रोशन लाल यादव और कपूर चंद गुप्ता के अनुसार, फिलहाल प्याज के भाव 30 से 50 रुपए प्रति किलो तक चल रहे है। पिछले साल हालात बिल्कुल उलट थे। उस दौरान कीमतें गिरकर 2 से 6 रुपए प्रति किलो रह गई थीं। कई किसानों के लिए उत्पादन लागत निकालना भी मुश्किल हो गया था। कुछ को अपनी उपज फेंकने तक की नौबत का सामना करना पड़ा था।
बढ़ती लागत ने बढ़ाई चिंताः किसानों का कहना है कि प्याज उत्पादन में बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई, डीजल और मजदूरी पर लगातार खर्च बढ़ रहा है। फसल तैयार होने तक जमा पूंजी के साथ उधार की रकम भी लगानी पड़ती है। ऐसे में मंडी में कम भाव मिलने पर आर्थिक संकट गहरा जाता है। किसानों की मांग है कि उन्हें लागत के अनुरूप उचित कीमत और लाभ सुनिश्चित करने की व्यवस्था हो।
सरकारी खरीद से मिल सकती है राहतः पिछले सीजन के नुकसान को देखते हुए किसानों ने सरकार से प्याज की खरीद के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि बाजार में कीमतें गिरने पर सरकारी हस्तक्षेप से राहत मिलनी चाहिए, ताकि उत्पादकों को मजबूरी में औने-पौने दाम पर उपज नहीं बेचनी पड़े। व्यापारियों के अनुसार, एक नवंबर के बाद और प्रमुख तथ्य
- वर्तमान भावः 30 से 50 रुपए प्रति किलो
- पिछले सीजन के भावः 2 से 6 रुपए प्रति किलो
- मुख्य चिंताः बढ़ती लागत और उचित मूल्य नहीं मिलने का जोखिम
- किसानों की मांगः प्याज की सरकारी खरीद की प्रभावी व्यवस्था आवक का अनुमानः
एक नवंबर के बाद और पंचायत चुनाव संपन्न होने पर तेजी की संभावना। पंचायत चुनाव संपन्न होने पर मंडी में प्याज की आवक तेज होने की उम्मीद है। इसके बाद बाजार में आपूर्ति, मांग और भाव की स्थिति अधिक स्पष्ट होगी। फिलहाल किसानों को इंतजार है कि नई फसल की बढ़ती आवक के बीच कीमतें टिकाऊ रहें।

