ग्रेटर नोएडा में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा: गौर सिटी-2 की 23वीं मंजिल से गिरे पिता-पुत्र, दोनों की दर्दनाक मौत
पूजा के लिए बालकनी से फूल तोड़ते समय फिसला 11 साल के मासूम का पैर; बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी नीचे गिरे, परिवार में छाया मातम।
ग्रेटर नोएडा / शशि जायसवाल
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी-2 की महागुन माईवुड्स सोसायटी में शुक्रवार तड़के एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सोसायटी के टावर-23 की 23वीं मंजिल से गिरकर एक अधिकारी और उनके 11 वर्षीय मासूम बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब पिता बालकनी की रेलिंग से नीचे लटके अपने बेटे को बचाने की कोशिश कर रहे थे।
खाटू श्याम मंदिर जाने की थी तैयारी, सुबह 4:20 बजे हुआ हादसा
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय पुत्र आरव के रूप में हुई है। रणदीप पात्रा सचिवालय में अधिकारी पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब 4:20 बजे परिवार को खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए निकलना था। पूजा-अर्चना के लिए पिता-पुत्र बालकनी में लगे पौधों से फूल तोड़ने गए थे।
स्टूल से फिसला मासूम का पैर, बचाने में पिता का भी बिगड़ा संतुलन
पुलिस जांच के अनुसार, 11 वर्षीय आरव बालकनी में रखे एक स्टूल पर चढ़कर फूल तोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर बालकनी की सुरक्षा रेलिंग से नीचे की ओर लटक गया। बेटे को मौत के मुंह में घिरता देख पिता रणदीप पात्रा ने बिना एक पल गंवाए उसे बचाने के लिए हाथ बढ़ाया और कसकर पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन दुर्भाग्यवश, इस हड़बड़ाहट में पिता का संतुलन भी बिगड़ गया और दोनों 23वीं मंजिल की भारी ऊंचाई से सीधे नीचे आ गिरे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
भीषण धमाके जैसी आवाज और दिल दहला देने वाले इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की पीआरवी (PRV) टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दोनों को लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
नोएडा पुलिस ने बताया कि दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।
सोसायटी में पसरा सन्नाटा, सदमे में परिवार
खाटू श्याम के दर्शनों की तैयारियों के बीच अचानक घटे इस भीषण हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। महागुन माईवुड्स सोसायटी समेत पूरे ग्रेटर नोएडा वेस्ट में इस घटना के बाद से गहरा शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

