पंचायतीराज चुनाव पर पुलिस की पैनी नजर: जोधपुर ग्रामीण में बिना नंबरी और काले शीशे की बोलेरो कैंपर जब्त
बावड़ी /जोधपुर / मिश्रीलाल लखारा। पंचायती राज चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला जोधपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार तथा जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पंकज यादव और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर लाल के निर्देशन में जिलेभर में असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जोधपुर ग्रामीण की जिला विशेष टीम (DST) ने खेड़ापा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध बिना नंबरी बोलेरो कैंपर वाहन को जब्त किया है।
काला शीशा, हुटर और गार्डर लगाकर फैलाई जा रही थी दहशत
सहायक उपनिरीक्षक श्रवण कुमार भंवरीया के नेतृत्व में डीएसटी टीम गत 29 अक्टूबर 2026 को चुनाव पूर्व गश्त और निगरानी पर थी। इसी दौरान टीम को क्षेत्र में एक संदिग्ध बिना नंबरी बोलेरो कैंपर वाहन नजर आया। जांच करने पर सामने आया कि वाहन के आगे-पीछे लोहे के गार्डर लगे हुए थे, शीशे पूरी तरह काले थे और गाड़ी के अंदर हुटर बजाया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि चुनाव के दौरान क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से ही वाहन की नंबर प्लेटें हटाई गई थीं, शीशे काले किए गए थे और हुटर का इस्तेमाल किया जा रहा था। डीएसटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त बोलेरो कैंपर को पुलिस थाना खेड़ापा के सुपुर्द कर मोटर व्हीकल (MV) एक्ट के तहत नियमानुसार जब्त कर लिया और वाहन पर भारी जुर्माना लगाया है।
संदिग्ध वाहनों पर विशेष निगरानी, पुलिस की सख्त चेतावनी
जोधपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिना नंबर प्लेट के चलने वाले वाहनों, काले शीशे वाली गाड़ियों और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
पुलिस की आमजन से अपील
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाला कृत्य नजर आए, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि शांति भंग करने या भय फैलाने वालों के खिलाफ कानून के तहत बेहद सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

