बिना हेलमेट व सीटबेल्ट के 25 चालान काटे, जुर्माना भी वसूला
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) शहर के रेलवे फाटक के समीप पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं चालान अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट व बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 25 चालान काटे गए तथा सात हजार की जुर्माना राशि वसूल की गई। पुलिस टीम ने आमजन को समझाया कि बिना हेलमेट या बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना स्वयं के जीवन के साथ खिलवाड़ है। छोटी सी लापरवाही के कारण बड़ी दुर्घटना हो सकती है। जीवन अनमोल है और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना हर नागरिक का कर्तव्य है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट और कार में सीट बेल्ट का प्रयोग करें। इस अभियान का नेतृत्व एएसआई रामअवतार ने किया। उनके साथ कांस्टेबल विजय, कांस्टेबल संदीप, कांस्टेबल जयनारायण सहित अन्य महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रहीं। टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी।