सड़क के बीच व बाजारों में खुले ट्रांसफार्मर दे रहे हादसों को न्यौता
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
शहर के मुख्य बाजारों, रेलवे स्टेशन रोड, किशनगढ़बास रोड, हरसौली रोड, गुरुनानक कॉलोनी, आनंदनगर कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में विद्युत निगम की लापरवाही लोगों के लिए खतरा बन चुकी है। शहर की कई कॉलोनियों में सड़क के बीचोंबीच एवं जगह-जगह सड़क किनारे और भीड़भाड़ वाले बाजारों में खुले पड़े ट्रांसफार्मर आमजन की जान पर बन आए है। बरसात के दिनों में इनमें करंट का खतरा और बढ़ जाता है।
बिना फेंसिंग हादसों का डरः- शहर में अधिकांश ट्रांसफार्मरों पर न तो सुरक्षा फेंसिंग है और न ही किसी प्रकार के चेतावनी बोर्ड लगे है। बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग, स्कूली बच्चे और राहगीर अक्सर इनसे सटते हुए निकलते हैं। कई बार लोगों को झटके भी लग चुके हैं, लेकिन विभाग की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।
खुले तारों से बढ़ रहा खतराः- कई ट्रांसफार्मरों पर बिजली के तार खुले लटके हुए है। सड़क किनारे खड़े वाहनों और पैदल चलने वालों को हमेशा हादसे का डर बना रहता है। शहर के मुख्य बाजारों, कॉलोनियों और गलियों में यह स्थिति साफ देखी जा सकती है। पिछले दो सालों में एक दर्जन जानवर बिजली हादसों का शिकार हुए, जिनमें से 4 की मौत हो चुकी है। वहीं बरसात के मौसम में हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत निगम से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्यवाही नहीं होती। हर रोज हजारों की संख्या में बाजार आने वाले लोग और छात्र-छात्राएं इन खतरनाक ट्रांसफार्मरों के पास से गुजरते हैं।
इनका कहना है- शहर में लगे ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। कई जगह फेंसिंग का कार्य प्रगति पर है। जहां भी खतरा है, वहां तुरंत टीम भेजकर सुधार करवाया जाएगा। बाकी बचे ट्रांसफार्मरों की फेसिंग का कार्य जल्द ही वर्क ऑर्डर होते ही कार्य प्रारम्भ किया जाएगा, ताकि हादसों की आशंका कम हो सके। - दिनेश भडाना, सहायक अभियंता विद्युत निगम खैरथल