जिला निर्वाचन अधिकारी ने टपकड़ा के 8 एवं भिवाड़ी के 12 मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण

Aug 29, 2026 - 20:21
 0
जिला निर्वाचन अधिकारी ने टपकड़ा के 8 एवं भिवाड़ी के 12 मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण

खैरथल (हीरालाल भूरानी)  नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने शनिवार को नगर परिषद भिवाड़ी एवं नगर पालिका टपूकड़ा का सघन दौरा कर 20 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय, आरओ टपूकड़ा कृष्ण यादव, एआरओ शैतान सिंह यादव, नगर परिषद आयुक्त सुरेश मीणा सहित संबंधित अधिकारी एवं बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने टपूकड़ा एवं भिवाड़ी क्षेत्र में स्थापित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय टपूकड़ा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय राम सिंह की ढाणी टपूकड़ा के 8 मतदान केंद्र तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सैदपुर, शहीद हुकुम सिंह राजकीय माध्यमिक विद्यालय मिल्कपुर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भिवाड़ी मोड़, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 9 भिवाड़ी के 12 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बीएलओ से मतदाताओं की संख्या, मतदान केन्द्रों की स्थिति एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
 इस दौरान उन्होंने मतदान स्थल एवं स्टोर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टोर में कार्यरत सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को अपने कार्य निर्धारित समय अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतगणना स्थल पर लेआउट, सुरक्षा संबंधित, आधारभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान कक्षों में आवश्यकतानुसार पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त लाइट लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पेयजल, विद्युत, रैम्प, शौचालय सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने अधिकारियों एवं कार्मिकों को चुनाव संबंधी सभी प्रोटोकॉल की पूर्ण पालना करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भय एवं दबाव का वातावरण बनाने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर उड़न दस्ते के साथ पर्याप्त पुलिस जाप्ते की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं निर्भीक मतदान के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का जायजा लेने के लिए कक्षा के अनुरूप विभिन्न सवाल पूछे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी समझ एवं विषय संबंधी जानकारी को परखा। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने विद्यार्थियों को गणित के विभिन्न सिद्धांत एवं अवधारणाएं भी समझाईं तथा उन्हें विषय को समझकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................