भरतपुर में 50 लाख की लागत से बनेगा भव्य राम मंदिर; भूमि पूजन संपन्न प्रथम दिन ही जनसहयोग से जुटाए 12.5 लाख रुपये,
भरतपुर (विष्णु मित्तल)। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास स्थित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध तपोस्थली लटुरिया हनुमान मंदिर परिसर में जनसहयोग से लगभग 50 लाख रुपये की लागत से भव्य राम मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। मंदिर निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन लटुरिया हनुमान मंदिर के महंत मनीरामदास महाराज तथा बंध बरेठा के संत स्वामी शीतलदास महाराज के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।
मंदिर निर्माण की घोषणा और भूमि पूजन के पहले ही दिन श्रद्धालुओं के उत्साह के चलते 12.5 लाख रुपये की सहयोग राशि एकत्रित हो गई। उपस्थित भक्तों ने संकल्प लिया कि शेष आवश्यक राशि भी जल्द ही जनसहयोग से जुटाकर निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाएगा।
- सालासर मंदिर शैली से प्रेरित होगा स्थापत्य
प्रस्तावित राम मंदिर पूर्वी राजस्थान में उत्कृष्ट वास्तुकला का अनुपम उदाहरण बनेगा। इसका निर्माण शेखावाटी के प्रसिद्ध सालासर हनुमान मंदिर की स्थापत्य शैली से प्रेरित होकर किया जा रहा है। मंदिर का भव्य डिजाइन प्रसिद्ध आर्किटेक्ट अरुण गौतम के निर्देशन में यश गौतम द्वारा तैयार किया गया है। निर्माण पूरा होने के बाद यह परिसर आध्यात्मिक गतिविधियों और धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।
- कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
भूमि पूजन समारोह में समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता, प्रख्यात सर्जन डॉ. गोविन्द गुप्ता, विद्युत निगम के पूर्व अधीक्षण अभियंता हेमराज गोयल और सतीश गोयल सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मंदिर निर्माण में बढ़कर सहयोग करने और कार्य को गति देने की बात कही।

