लोहार्गल में 24 कोसी परिक्रमा मेले को लेकर 30 अगस्त को बड़ी बैठक
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)
प्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोहार्गल धाम स्थित श्री मीन भगवान मंदिर एवं मीणा धर्मशाला प्रांगण में रविवार, 30 अगस्त को प्रातः 11 बजे समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस बैठक में आगामी प्रसिद्ध 24 कोसी परिक्रमा मेले की पूर्व तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत रणनीति और रूपरेखा तैयार की जाएगी।
व्यापक तैयारियों पर होगी चर्चा
लोहार्गल धर्मशाला कमेटी के प्रभाती लाल मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक की अध्यक्षता धर्मशाला एवं मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुरेश मीणा (किशोरपुरा) करेंगे। परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, विश्राम, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारू बनाने के उद्देश्य से यह बैठक बुलाई गई है।
समाज बंधुओं से पहुंचने की अपील
कमेटी की ओर से उदयपुरवाटी सहित संपूर्ण शेखावाटी क्षेत्र के मंदिर कमेटी से जुड़े पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और समाज बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में समय पर लोहार्गल पहुंचने का आह्वान किया गया है, ताकि परिक्रमा मेले को भव्य और सुव्यवस्थित रूप दिया जा सके।

