6 फीट गहरे खुले टैंक में डूबने से ढाई साल के मासूम की मौत:3 दिन पहले ही नाना के घर आया था जुड़वा बच्चा; तलाश के डेढ़ घंटे बाद पानी में तैरती बॉल ने खोला राज

Aug 15, 2026 - 17:08
Aug 15, 2026 - 18:27
 0
6 फीट गहरे खुले टैंक में डूबने से ढाई साल के मासूम की मौत:3 दिन पहले ही नाना के घर आया था जुड़वा बच्चा; तलाश के डेढ़ घंटे बाद पानी में तैरती बॉल ने खोला राज

कोटा / राजस्थान 

शिक्षा नगरी कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र स्थित तलवंडी इलाके से शनिवार दोपहर एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई। एक निर्माणाधीन मकान में खुले पड़े पानी के टैंक में डूबने से ढाई साल के मासूम अक्षु की दर्दनाक मौत हो गई। मासूम महज तीन दिन पहले ही अपनी मां के साथ नाना के घर आया था। मकान मालिक की एक लापरवाही ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां एक झटके में उजाड़ दीं।

मजदूरी पर गए थे माता-पिता, पीछे से हुआ हादसा

मूलतः बारां जिले के रहने वाले दिलखुश और उनकी पत्नी मजदूरी करते हैं। उनके दो जुड़वा बच्चे हैं। दिलखुश के ससुर पिछले दो महीने से तलवंडी में एक निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी का काम कर रहे थे। तीन दिन पहले ही उनकी पत्नी दोनों बच्चों के साथ वहां आई थी। शनिवार सुबह माता-पिता काम पर चले गए और दोनों बच्चे अन्य बच्चों के साथ निर्माणाधीन मकान के पास खेल रहे थे।

6 फीट गहरा पानी का टैंक पड़ा था खुला

मकान में बना लगभग 6 फीट गहरा पानी का टैंक ऊपर से पूरा खुला हुआ था और लबालब भरा था। खेलते-खेलते मासूम अक्षु अचानक उस टैंक के पास चला गया और उसमें गिर गया। दोपहर करीब 12 बजे जब माता-पिता काम से लौटे, तो एक बच्चा गायब मिला। घबराए परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन मासूम का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।

तैरती बॉल ने खोला खौफनाक राज

बच्चे का कोई पता न चलने पर परिजनों को अपहरण का अंदेशा हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। परिजनों का आरोप है कि मकान मालिक से फुटेज मांगने पर उन्होंने आनाकानी की। तलाश के करीब डेढ़ घंटे बाद अचानक पानी के टैंक में एक बॉल तैरती हुई दिखाई दी। परिजनों ने जब शक होने पर टैंक में उतरकर देखा, तो नीचे मासूम का बेजान शरीर पड़ा था।

मकान मालिक की लापरवाही पर उठे सवाल

पिता दिलखुश का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि मकान मालिक ने टैंक पर ढक्कन नहीं लगवाया था, जिसके कारण उनके मासूम बेटे की जान चली गई।

मामले पर जवाहर नगर थाने के एएसआई महेंद्र सिंह हाड़ा ने बताया कि घटना के समय माता-पिता काम पर गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है और फिलहाल शव के पोस्टमार्टम के लिए परिजनों को समझाया जा रहा है। घटना में किसकी लापरवाही रही, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................