नारायणपुर निकाय चुनाव: दूसरे दिन 48 नामांकन दाखिल, रविवार को भी खुली रहेगी हेल्प डेस्क
नारायणपुर (भारत कुमार शर्मा) स्थानीय नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन कुल 48 अभ्यर्थियों ने अपने पर्चे दाखिल किए। नगर पालिका के कुल 35 वार्डों के लिए आगामी 9 सितंबर को मतदान कराया जाएगा।
रिटर्निंग अधिकारी दिनेश शर्मा ने बताया कि नामांकन पत्र प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक स्वीकार किए जा रहे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त तय की गई है। इस बार प्रत्याशियों को पर्चा दाखिल करने के लिए केवल तीन दिन का समय मिला है, जिससे दावेदारों में खासी गहमागहमी देखी जा रही है।
प्रत्याशियों की सुविधा और फॉर्म में किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचाने के लिए प्रशासन ने रविवार के अवकाश के दिन भी हेल्प डेस्क खुली रखने का निर्णय लिया है। अभ्यर्थी हेल्प डेस्क पर अपने आवेदनों की जांच करवा रहे हैं और कई दावेदार शुभ मुहूर्त देखकर पर्चा दाखिल करने की तैयारी में हैं।
- नामांकन केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नामांकन स्थलों पर अनावश्यक भीड़ को रोकने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार केवल प्रत्याशी और उनके अधिकृत समर्थकों को ही सीमित संख्या में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।

