मेरठ-हरिद्वार हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रक ने कांवड़ियों की ट्रॉली को मारी टक्कर, डीग के 2 युवकों की मौत, 15 घायल
गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों पर टूटा 'काल': मेरठ में ट्रक ने ट्रॉली को मारी भीषण टक्कर; डीग के 2 युवकों की मौत, 15 घायल; अवार गांव में पसरा मातम
डीग / मेरठ
हरिद्वार से गंगाजल लेकर डीग के चतुर्भुज मंदिर आ रहे कांवड़ियों के साथ शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश के मेरठ-हरिद्वार नेशनल हाईवे-334 पर तड़के करीब 3 बजे एक बेकाबू ट्रक ने कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में राजस्थान के डीग जिले के अवार गांव निवासी दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रक ड्राइवर को नींद की झपकी आने से हुआ हादसा खरखौदा थाना प्रभारी समर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा नेशनल हाईवे पर ट्रक चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि चीख-पुकार मच गई। घायलों को तुरंत मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ यशपाल (17) और राजेंद्र (45) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल एक युवक रवींद्र को दिल्ली रेफर किया गया है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।
माता-पिता का इकलौता सहारा था 17 वर्षीय यशपाल गांव के पड़ोसी टोनी अवार ने बताया कि अवार गांव से 27 युवकों का दल 20 अगस्त को पहली बार डाक कांवड़ लेने हरिद्वार गया था। शनिवार तड़के हादसे से महज एक मिनट पहले ही 12वीं पास कर चुका यशपाल दौड़ने के बाद ट्रॉली में आकर बैठा था और काल का शिकार हो गया। यशपाल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले दूसरे व्यक्ति राजेंद्र खुद ट्रैक्टर-ट्रॉली चला रहे थे, जबकि उनका 16 साल का बेटा शिवम आगे गंगाजल लेकर दौड़ रहा था।
पूरे गांव में नहीं जले चूल्हे, छाया सन्नाटा पहली बार गांव से डाक कांवड़ लेकर लौट रहे युवकों के साथ हुई इस अनहोनी की खबर मिलते ही अवार गांव में मातम पसर गया। मृतकों और घायलों के परिजन तुरंत मेरठ के लिए रवाना हो गए हैं। दो मौतों की सूचना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

