2 अक्टूबर गांधी जयंती पर पचलंगी में जमेगा कुश्ती दंगल, तैयारियां शुरू; 30 अगस्त को झडाया बजरंग धाम में कार्यकर्ताओं की होगी महत्वपूर्ण बैठक
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) उपखंड क्षेत्र के निकटवर्ती पचलंगी गांव में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध कुश्ती दंगल को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। मेले के भव्य आयोजन को लेकर मेला कमेटी की ओर से रूपरेखा तैयार की जा रही है।
मेला कमेटी अध्यक्ष मदनलाल भावरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि दंगल की तैयारियों को लेकर कल, 30 अगस्त को झडाया बजरंग धाम आश्रम में एक विशेष बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस बैठक में पचलंगी सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों व ढाणियों से कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक के दौरान मेले के सुचारू संचालन के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
अध्यक्ष भावरिया ने बताया कि मेले में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सितंबर माह से गांव-गांव और ढाणी-ढाणी में घर-घर जाकर पीले चावल व निमंत्रण पत्र बांटे जाएंगे। मेला कमेटी ने 30 अगस्त की बैठक में अधिक से अधिक ग्रामीणों एवं युवाओं से पहुंचने का आह्वान किया है ताकि गांधी जयंती पर आयोजित होने वाले इस दंगल को यादगार बनाया जा सके।

