3.5 हजार की घूस लेते SI रंगे हाथों गिरफ्तार,मुकदमा आगे बढ़ाने के नाम पर मांगी रिश्वत
कोटपूतली / अनिल गुप्ता कानून के रखवाले ही जब भक्षक बनने लगें तो न्याय की उम्मीद किससे की जाए? ऐसा ही एक मामला कोटपूतली-बहरोड़ जिले के कोटपूतली पुलिस थाने में सामने आया है, जहां भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की अलवर प्रथम टीम ने कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक (SI) राजेंद्र सिंह को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
बैंक के खिलाफ दर्ज कराया था मामला प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवादी ने न्यायालय के माध्यम से बैंक के विरुद्ध कोटपूतली थाने में मुकदमा संख्या 380/2026 दर्ज करवाया था। इस मामले की जांच आरोपी सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह कर रहा था। जांच और प्रकरण में आगे की कार्रवाई करने के एवज में आरोपी परिवादी से 5,000 रुपये की रिश्वत राशि की मांग कर लगातार परेशान कर रहा था।
मांग सत्यापन के दौरान भी लिए थे पैसे पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी चौकी अलवर प्रथम में दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन 19 अगस्त 2026 को करवाया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी एसआई द्वारा 5,000 रुपये की मांग की पुष्टि हुई, जिसमें से आरोपी ने 1,500 रुपये मौके पर ही ले लिए थे और शेष 3,500 रुपये बाद में लेना तय हुआ था।
जांच टीम ने बिछाया जाल मांग की पुष्टि होने के बाद उप महानिरीक्षक पुलिस (DIG) डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण में एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी उप अधीक्षक (DSP) शब्बीर खान के नेतृत्व में गुरुवार को ट्रैप की योजना बनाई गई। जैसे ही परिवादी ने आरोपी एसआई राजेंद्र सिंह को शेष 3,500 रुपये की रिश्वत राशि सौंपी, घात लगाकर बैठी एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है। फिलहाल कोटपूतली पुलिस थाने में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

