साइबर ठगी की 11.99 लाख रुपए की राशि फ्रीज, 51 अवैध हथियार व 53 कारतूस जब्त; संगठित अपराधियों, अवैध खनन और मादक पदार्थ तस्करों पर भी कसा शिकंजा
एक माह के विशेष अभियान में डीग जिले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 209 साइबर ठग गिरफ्तार
डीग(नीरज जैन) डीग पुलिस ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 20 जुलाई से 20 अगस्त तक चलाए गए एक माह के विशेष अभियान में साइबर ठगों, संगठित अपराधियों, अवैध हथियार रखने वालों, मादक पदार्थ तस्करों और अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की। जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ कांबले के निर्देशन में चले अभियान के दौरान प्रो-एक्टिव पुलिसिंग के जरिए अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने पर जोर दिया गया। एसपी ने अभियान के दौरान प्रतिदिन सभी बिंदुओं की मॉनिटरिंग की।
अभियान में संगठित अपराध एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 228 अपराधियों को चिह्नित किया गया। इनमें 37 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। धारा 107 बीएनएसएस में 9, धारा 111 बीएनएस के तहत संगठित अपराध के 13, धारा 112 बीएनएस के तहत पेटी ऑर्गेनाइज्ड क्राइम के 24 तथा अन्य धाराओं में 30 मामलों में निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
अवैध हथियारों के खिलाफ 35 प्रकरण दर्ज कर 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें दो इनामी अपराधी भी शामिल हैं। पुलिस ने एक पिस्टल, 4 पौना, 13 बंदूकें और 29 कट्टे सहित कुल 51 अवैध हथियार तथा 53 जिंदा कारतूस जब्त किए।
साइबर अपराध के हॉटस्पॉट चिह्नित कर 762 स्थानों पर दबिश दी गई, जिसमें 209 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। साइबर ठगी से जुड़ी 11 लाख 99 हजार 233 रुपए की राशि फ्रीज कराई गई तथा 1 लाख 23 हजार 650 रुपए पीड़ितों को वापस दिलाए गए।
अवैध खनन के खिलाफ खनन विभाग के साथ 25 संयुक्त कार्रवाई कर 21 प्रकरण दर्ज किए गए। खनन में प्रयुक्त 45 वाहन व उपकरण जब्त किए गए। साथ ही 1343 मीट्रिक टन/इकाई खनिज सामग्री जब्त कर 2 लाख 87 हजार 800 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के 9 मामले दर्ज कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 20.782 किलो गांजा, 7.040 किलो डोडा पोस्त और 3500 एमएल प्रतिबंधित सिरप जब्त किया। इसके अलावा 3545 लीटर अवैध अंग्रेजी, देशी और हथकड़ शराब भी जब्त की गई।
यातायात व्यवस्था के तहत जिले के 30 प्रमुख नाकाबंदी पॉइंट्स पर 5868 दुपहिया और 4220 चौपहिया वाहनों की जांच की गई। मोटर वाहन अधिनियम में 1454 चालान किए गए। इनमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले 80 और बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 178 चालक शामिल हैं। नाकाबंदी के दौरान 78 वाहन भी जब्त किए गए।
महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर 54 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही सीएलजी और सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने गए। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

