तरकुलहा मंदिर मार्ग पर महीनेभर से खुला पड़ा गड्ढा, श्रद्धालुओं और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
चौरीचौरा (शशि जायसवाल) पूर्वांचल के प्रसिद्ध सिद्धपीठ माता तरकुलहा मंदिर को गोरखपुर-देवरिया फोरलेन से जोड़ने वाले मार्ग पर सड़क किनारे बना गहरा गड्ढा राहगीरों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक महीने पहले सड़क चौड़ीकरण के लिए खोदा गया गड्ढा अब तक नहीं भरा गया है। लंबे समय से खुले पड़े इस गड्ढे को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
डेढ़ फीट तक गहराई, सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बना गड्ढा करीब एक से डेढ़ फीट गहरा है। इसके आसपास वाहन चालकों को सावधान करने के लिए पर्याप्त संकेतक या बैरिकेडिंग भी नहीं की गई है। दिन के समय तो राहगीर किसी तरह गड्ढे को देखकर बच निकलते हैं, लेकिन रात में स्थिति ज्यादा खतरनाक हो जाती है। अंधेरा होने के बाद गड्ढा नजर नहीं आने के कारण खासकर बाइक और स्कूटी सवारों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
ग्रामीणों के मुताबिक, गड्ढे की वजह से अब तक कई लोग छोटी-मोटी दुर्घटनाओं का सामना कर चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से इसे भरने अथवा सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कोई गंभीर हादसा हो सकता है।
श्रद्धालुओं के साथ बच्चों की भी आवाजाही
तरकुलहा माता मंदिर जाने का प्रमुख रास्ता होने के कारण इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। इसके अलावा आसपास के गांवों के ग्रामीण और स्कूली बच्चे भी इसी सड़क से गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर खुले गड्ढे को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है।
स्थानीय निवासी दिनेश, गुड्डू, शिवा, विजय, राजेश और राहुल सहित अन्य ग्रामीणों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से गड्ढे को जल्द भरवाने के साथ सड़क पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को पहले ही सतर्क होकर समस्या का समाधान करना चाहिए।

