बुलंदशहर में LLB छात्र की मौत से मचा हड़कंप, 9 दिन पहले लाठी-डंडों से किया था हमला; चार आरोपी गिरफ्तार
बुलंदशहर (शशि जायसवाल) खुर्जा क्षेत्र के बगराई गांव में 20 अगस्त की रात LLB के छात्र अंकुर चौधरी पर हुए जानलेवा हमले का मामला अब हत्या में बदल गया है। करीब नौ दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शनिवार रात उपचार के दौरान अंकुर ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि 20 अगस्त की रात अंकुर मुरारी नगर में अपने दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान कार और बाइकों से पहुंचे करीब एक दर्जन लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, फरसे और पत्थरों से अंकुर पर करीब 20 मिनट तक हमला किया। दोस्तों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उन्हें भी हथियार दिखाकर धमकाया गया। आरोपियों पर फायरिंग करते हुए मौके से भागने का भी आरोप है।
हमले में गंभीर रूप से घायल अंकुर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत लगातार गंभीर बनी रही और 29 अगस्त की रात करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने सात नामजद और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
- इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम
22 वर्षीय अंकुर LLB फाइनल ईयर का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता अशोक चौधरी पेशे से अधिवक्ता हैं, जबकि मां बबली प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य हैं। बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार के बुजुर्ग आरके चौधरी ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने गांव के प्रधान पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
- 25 हजार का इनामी आरोपी मुठभेड़ में घायल
पुलिस के मुताबिक मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनमें 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी लखन भी शामिल है। शनिवार रात पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में लखन के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पोस्टमार्टम के बाद रविवार सुबह अंकुर का शव गांव पहुंचा। इस दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। SSP दिनेश कुमार सिंह और SP देहात अंतरिक्ष कुमार जैन ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में भारी सुरक्षा के बीच गांव में अंकुर का अंतिम संस्कार कराया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पांच फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले की जांच जारी है।

