गोलोक धाम गोवंश के लिए पूर्ण अभयारण्य के रूप में होगा विकसित: आचार्य प्रज्ञा सागर जी महाराज
जयपुर/चाकसू (कमलेश जैन)। परम पूज्य भगवान महावीर तपोभूमि उज्जैन के प्रणेता आचार्य श्री प्रज्ञा सागर जी महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से निमोडिया (चाकसू) स्थित नवनिर्मित ‘गोलोक धाम’ को गोवंश के लिए एक पूर्ण अभयारण्य के रूप में विकसित किया जा रहा है।
आचार्य श्री ने बताया कि यह परियोजना केवल एक गौशाला तक सीमित न होकर गोवंश के पूरे जीवन चक्र और उसके महत्व को समाज तक पहुँचाने की पहल है। इसे एक आत्मनिर्भर मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा, जहाँ जैविक खेती, गोबर खाद निर्माण, गोमूत्र आधारित उत्पाद तथा दुग्ध उत्पादन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
- जैन पत्रकार महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने किया भ्रमण
जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया (जयपुर) के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने निमोडिया पहुँचकर आचार्य श्री के दर्शन किए, श्रीफल अर्पित किया और रक्षा सूत्र बंधवाया। प्रतिनिधिमंडल ने संपूर्ण गोलोक धाम परिसर का अवलोकन कर गायों को चारा खिलाया और समिति द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों व गतिविधियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया ने कहा कि गोलोक धाम सड़क पर भटकने वाले, बीमार और बेसहारा गोवंश के लिए एक सुरक्षित आश्रय स्थल है। उन्होंने समाज और संस्थाओं से ऐसे परोपकारी कार्यों में सहयोग की अपील की।
- गोद भराई रस्म एवं सम्मान समारोह आयोजित
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिलीप जैन ने बताया कि भ्रमण के दौरान पत्रकारों को आचार्य श्री के सानिध्य में आयोजित पूजा-हवन तथा ब्रह्मचारी दर्शन जी की गोद भराई की रस्म में शामिल होने का अवसर मिला। बता दें कि ब्रह्मचारी दर्शन जी 1 नवंबर 2026 को तुमकुर (कर्नाटक) में परम पूज्य आचार्य श्री प्रमुख सागर जी महाराज से जिन दीक्षा ग्रहण करेंगे।
कार्यक्रम में गोलोक धाम सेवा समिति के अध्यक्ष देवेंद्र जैन निमोडिया, छोटा गिरनार (बापूगांव) के अध्यक्ष प्रकाश चन्द बाकलीवाल एवं पदाधिकारियों ने उपस्थित पत्रकारों तथा चातुर्मास पुण्यार्जक चेतन जैन (केकड़ी) परिवार का तिलक, माला, दुपट्टा एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया।
- आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा
प्रतिनिधिमंडल में रमेश जैन तिजारिया, उदयभान जैन, दिलीप जैन, बलवंत राज मेहता, ज्ञानचंद पाटनी, सुरेंद्र कुमार जैन बडजात्या, अरुण जैन, शुभम जैन, अनीष जैन, नीलम जैन (दिल्ली) और अनीता बडजात्या (जयपुर) शामिल रहे।
महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि आगामी नवंबर माह में आचार्य श्री के सानिध्य में एक पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही 30 सितंबर को रायपुर (छत्तीसगढ़) में होने वाले राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन के लिए भी आचार्य श्री का आशीर्वाद प्राप्त किया गया, जिसमें शामिल होने के लिए सभी उपस्थित पत्रकारों ने अपनी सहमति जताई।

