सिरोही को एनीमिया मुक्त बनाने की अनूठी पहल: जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने शुरू किया ‘रोशनी अभियान’
सिरोही | रमेश सुथार
सिरोही जिले की किशोर बालिकाओं में एनीमिया (खून की कमी) की रोकथाम, हीमोग्लोबिन स्तर में सुधार और बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर श्री रोहिताश्व सिंह तोमर की अभिनव पहल ‘रोशनी अभियान’ का बुधवार को दोपहर 12 बजे जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास, सिरोही में भव्य शुभारंभ किया गया।
'रोशनी अभियान' का लोगो विमोचित समारोह के दौरान जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर एवं अन्य अतिथियों द्वारा अभियान के आधिकारिक लोगो (Logo) का विमोचन किया गया। इस अभियान की टैगलाइन “एनीमिया मुक्त सिरोही अभियान – स्वस्थ बालिका, सशक्त सिरोही” रखी गई है। महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक योगेन्द्र देथा ने अभियान की रूपरेखा साझा की।
दो चरणों में चलेगा अभियान, ऐसे मिलेगा लाभ
-
प्रथम चरण (15 अक्टूबर तक): जनजाति क्षेत्रीय विकास, सामाजिक न्याय एवं शिक्षा विभाग के 19 बालिका छात्रावासों की 1,705 बालिकाओं को कवर किया जाएगा।
-
द्वितीय चरण: जिले के समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों की किशोर बालिकाओं को अभियान से जोड़ा जाएगा।
-
हेल्थ मॉनिटरिंग: प्रत्येक बालिका का पर्सनल हेल्थ कार्ड बनेगा। प्रतिमाह हीमोग्लोबिन जांच, IFA (आयरन फोलिक एसिड) की गोलियां, एल्बेंडाजोल (कीड़े मारने की दवा) तथा पौष्टिक आहार संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
-
रोशनी एम्बेसडर: एनीमिया से उबरने वाली बालिकाओं को 'रोशनी एम्बेसडर' बनाया जाएगा, जो अन्य साथियों को जागरूक करेंगी।
लक्ष्य पाने के लिए अनुशासन जरूरी: जिला कलक्टर बालिकाओं को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर तोमर ने अपने छात्र जीवन में सैनिक स्कूल के दिनों को याद करते हुए कहा, "सरकारी छात्रावास में रहना एक अवसर है, जिसका पूरा लाभ उठाएं। पढ़ाई में अव्वल आने के साथ-साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है। एनीमिया की गोलियों का नियमित सेवन करें।" CMHO डॉ. दिनेश खराड़ी ने भी सरकारी हॉस्टल के दिनों के अनुभव साझा करते हुए बालिकाओं को खून की कमी से होने वाले नुकसान और उससे बचाव के तरीके बताए।
पौधारोपण कर लिया जांचों का जायजा कार्यक्रम के पश्चात जिला कलक्टर ने चिकित्सा विभाग द्वारा बालिकाओं की जा रही हीमोग्लोबिन जांच स्टॉल का निरीक्षण किया और वार्डन को नियमित रिकॉर्ड दर्ज करने के निर्देश दिए। अंत में उन्होंने छात्रावास परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर CMHO डॉ. दिनेश खराड़ी, WCD उप निदेशक सोमेश्वर देवड़ा, TAD के अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर सिंह, सुपरवाइजर संतोष मीणा, वार्डन लक्ष्मी कंवर एवं मंच संचालिका पिंकी राजपुरोहित सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

