सरहद के रक्षकों को डीडवाना का नमन: ‘राखी से रक्षा’ अभियान में उमड़ा विद्यार्थियों का राष्ट्रप्रेम; 151 बच्चों ने भेजीं राखियां
डीडवाना / राजस्थान।
देश की सीमाओं पर विषम परिस्थितियों में मुस्तैद वीर सैनिकों तक रक्षाबंधन का पावन संदेश पहुँचाने के लिए भारतीय डाक विभाग द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘राखी से रक्षा’ अभियान को डीडवाना में अभूतपूर्व प्रतिसाद मिल रहा है। इसी क्रम में डीडवाना स्थित पूजा इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति की अनूठी मिसाल पेश करते हुए देश के जांबाज सैनिकों के नाम राखियां और शुभकामना संदेश भेजे हैं।
151 विद्यार्थियों ने बुक कराईं राखियां, 250 ने लिखे पत्र डाक विभाग की इस मुहिम से प्रेरित होकर विद्यालय के 151 विद्यार्थियों ने सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए राखियों की बुकिंग करवाई। इसके साथ ही स्कूल परिसर में एक विशेष पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अपनी भावनाओं को शब्दों में पिरोकर सैनिकों के नाम पत्र लिखे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट लेखन के लिए ईशा को प्रथम, स्नेहा को द्वितीय तथा साजिया बानो को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
सैनिकों संग भावनात्मक जुड़ाव की अनूठी पहल डीडवाना प्रधान डाकघर के मुख्य डाकपाल महेश कुमार टाक ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देश के रक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को प्रगाढ़ करना है। वहीं, स्कूल के प्रबंध निदेशक डॉ. बजरंग सिंह जोधा एवं निदेशक रणजीत सिंह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने वाली डाक विभाग की इस पहल की सराहना की।
रविवार और अवकाश के दिन भी खुले रहेंगे डाकघर मुख्य डाकपाल ने जानकारी दी कि रक्षा सामग्री को समय पर और बिना किसी बाधा के सीमाओं तक पहुँचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत रविवार और अन्य सरकारी छुट्टियों के दिन भी डाकघर खुले रहेंगे। डाकघरों में राखी बुकिंग के साथ-साथ आमजन के लिए आधार सेंटर की सुविधाएं भी यथावत उपलब्ध रहेंगी।

