ओसियां के SBI बैंक में अचानक लगी भीषण आग:1 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
बावड़ी/जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा)
जोधपुर जिले के ओसियां कस्बे के सदर बाजार रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। रक्षाबंधन का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण बैंक बंद था, जिसके चलते काफी देर तक भीतर आग सुलगने की भनक किसी को नहीं लग सकी।
धुआं उठते ही मचा हड़कंप
दोपहर करीब डेढ़ से पौने दो बजे के बीच बैंक भवन के बाहर लगे एसी (AC) के आउटर यूनिट से अचानक धुएं का गुबार उठता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया।
प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, नायब तहसीलदार छतर सिंह राजपुरोहित और ओसियां थाना एसआई विजयश्री पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। बैंक अधिकारियों को भी तत्काल सूचित कर मौके पर बुलाया गया। ताले खोलकर दमकलकर्मियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
घटना से जुड़े मुख्य बिंदु:
- अन्य हिस्से रहे सुरक्षित: बैंक एक मंजिला भवन में संचालित है। प्रथम मंजिल पर स्थित एलआईसी (LIC) का जोनल कार्यालय और अंडरग्राउंड हिस्से में संचालित लाइब्रेरी आग की चपेट में आने से बच गई।
- नुकसान का आकलन जारी: आग बैंक के मध्य (सेंटर) हिस्से में लगी थी। बैंक में रखे रिकॉर्ड, कंप्यूटर व अन्य उपकरणों को पहुंचे नुकसान का फिलहाल आकलन किया जा रहा है।
- फायर सिस्टम की जांच: बैंक परिसर में अग्निशामक सुरक्षा (फायर फाइटिंग) सिस्टम क्रियाशील था या नहीं, और आग लगने के वास्तविक कारणों की पुलिस व संबंधित अधिकारी जांच कर रहे हैं।

