करिरिया गांव में रास्ते के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों के हमले में एक का सिर फटा, दो घायल अलवर रेफर
अलवर के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के कर्रिया गांव में रास्ते के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। झगड़े में तीन लोग घायल हो गए, एक का सिर फूटने से हालत गंभीर है। घायलों में से दो को अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों के परिजनों ने बताया कि राजेंद्र और राजेश बाइक से पेट्रोल भरवाने के लिए लक्ष्मणगढ़ जा रहे थे। रास्ते में गांव के सरकारी स्कूल के सामने आरोपी वीरेंद्र और राजपाल ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की। इसके बाद दोनों पक्षों के परिवार मौके पर पहुंच गए। उस समय समझाइश के बाद सभी लोग घर लौट गए।
कुछ देर बाद आरोपियों में शामिल उदय सिंह, वीरेंद्र सिंह, अंगद सिंह और सौरभ सिंह अपने परिवार के करीब दस लोगों के साथ राजेंद्र के घर पहुंचे और लाठी-डंडों व टांचियों से हमला कर दिया।
45 साल के व्यक्ति का सिर फूटा
हमले में जसवंत सिंह उर्फ कल्लू (45 वर्ष) के सिर पर गंभीर चोट लगने से उसका सिर फट गया, जबकि 85 वर्षीय बुजुर्ग डालू सिंह के पैर में लाठी लगी। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं राजेंद्र के हाथ और जांघ में चोट आई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।