पुरातन छात्र मिलन एवं दीपावली मिलन समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न
भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) आदर्श विद्या मन्दिर समिति, भरतपुर के तत्वावधान में बुधवार, 22 अक्टूबर 2025 (कार्तिक शुक्ल द्वितीया, विक्रम संवत 2082) को विद्यालय परिसर में अत्यंत हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में “पुरातन छात्र मिलन एवं दीपावली मिलन समारोह” का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम डॉ. यशपाल अमिलेश आर्य बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, आदर्श विद्या मन्दिर, जवाहर नगर, भरतपुर में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यालय के पूर्व छात्र छात्राओं ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर अपने बचपन की यादों को पुनर्जीवित करने के साथ-साथ विद्यालय के विकास हेतु संकल्पित हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ अथितियों द्वारा विधिवत दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ किया। अतिथियों का स्वागत अमित अग्रवाल ने किया, और कार्यक्रम की रूपरेखा का परिचय सन्तोष कुमार कटारा द्वारा प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि एवं वक्ताओं का उद्बोधन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे डॉ. बृजेश कुमार गुप्ता, प्रान्त उपाध्यक्ष, विद्या भारती संस्थान, जयपुर एवं सह संयोजक, विद्या परिषद राजस्थान क्षेत्र ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा — “विद्यालय केवल शिक्षा का स्थान नहीं, बल्कि यह जीवन के संस्कारों और राष्ट्रसेवा की भावना का केन्द्र है। आदर्श विद्या मन्दिर ने सैकड़ों विद्यार्थियों को संस्कारित नागरिक के रूप में समाज को दिया है।”
मुख्य वक्ता अंकित भारद्वाज, पूर्व प्रान्त सह प्रमुख, पूर्व छात्र परिषद, विद्या भारती जयपुर प्रान्त ने अपने विचार रखते हुए कहा — “विद्यालय ने हमें जो दिया, वही हमारे व्यक्तित्व की असली नींव है। यहाँ से मिले संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास ने जीवन की हर परीक्षा में सफलता दिलाई है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता योगेन्द्र भानु, विभागाध्यक्ष (संस्कृत), महारानी श्री जया महाविद्यालय, भरतपुर ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए कहा — “पुरातन छात्र किसी भी संस्थान की पहचान होते हैं। उनका विद्यालय से जुड़ाव आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देता है। सभी पूर्व छात्र मिलकर विद्यालय को शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रसेवा का आदर्श केन्द्र बनाएं।”
अनुभव साझा व प्रेरणा सत्र
समारोह में कई पुरातन छात्रों ने मंच पर आकर अपने विद्यार्थी जीवन की सुनहरी यादें साझा कीं। विद्यालय के पुराने मित्रों और शिक्षकों से पुनर्मिलन का यह क्षण सभी के लिए अत्यंत भावनात्मक रहा। कई छात्रों ने विद्यालय के विकास हेतु अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की घोषणा भी की।
आभार ज्ञापन एवं समापन
कार्यक्रम का संचालन एवं अनुशासन संयोजन मल्ल सिंह एवं लोकेश जैन द्वारा बड़े ही संयम और सौम्यता से किया। समारोह के अंत में मनीष कुमार सिंघल जिला संयोजक, पूर्व छात्र परिषद, विद्या भारती भरतपुर ने सभी अतिथियों, पुरातन छात्रों और आयोजन टीम का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा — “आज का यह पूर्व छात्र मिलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यालय से जुड़े आत्मीय संबंधों का पुनर्संयोजन है। हम सबका कर्तव्य है कि इस विद्यालय की परंपरा और गौरव को आने वाली पीढ़ी तक पहुचाये ।” कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ, जिसके पश्चात सभी उपस्थित अतिथियों एवं पुरातन छात्रों के लिए सहभोज (सामूहिक भोजन) का आयोजन किया गया।