पुलिस ने फर्जी आईपीएस को पकड़ा: खुद को एसपीजी का अधिकारी बताया, बोले-मिशन पर हूं, VIP कमरा चाहिए
भिवाड़ी (मुकेश कुमार) फर्जी आईपीएस बनकर थाने में रौब झाड़ने पहुंचे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी थाने का है। आरोपी युवक की पहचान सौरभ कुमार निवासी बागपत (यूपी) हाल निवासी दिल्ली के रूप में हुई है।
थाना अधिकारी सचिन शर्मा ने बताया-शुक्रवार की रात 9:30 बजे एक युवक स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर थाने पहुंचा। गेट पर खड़े संतरी को उसने बताया कि उसका नाम सौरभ कुमार है। वह आईपीएस अधिकारी है। SPG (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) में तैनात AIG रैंक पर है। युवक ने स्टाफ से कहा कि वह स्पेशल मिशन पर है, उसे रात में रुकने के लिए होटल में कमरा चाहिए।

शक होने पर पुलिस ने शुरू की पूछताछ थाना अधिकारी ने बताया-सौरभ कुमार एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से थाने आया था। जिस पर पुलिस लिखा हुआ था। गेट पर मौजूद संतरी ने मुझे सूचना दी। मैने जाकर जब सौरभ कुमार से बातचीत की संदेह हुआ। इसके बाद उसे केबिन में बिठाकर बाहर जाकर तहकीकात शुरू की। 30 मिनट तक युवक को एक केबिन में ही बिठाकर रखा।

नकली आईडी कार्ड दिखाया सचिन कुमार ने बताया-जांच में पता लगा कि इस नाम कोई आईपीएस नहीं है। इस पर केबिन में आकर उससे आईडी कार्ड मांगा। सौरभ कुमार ने एक फर्जी आईडी कार्ड दिखाया। जिस पर एसपीजी, एआईजी लिखा था जो कि पूरी तरह से नकली था।

आईपीएस को मिलने वाली सुविधा और प्रोटोकॉल के बारे में पता था
पुलिस ने बताया-सौरभ कुमार को हिरासत में लेकर जब उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि आईपीएस अधिकारियों को मिलने वाली सुविधाओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल और अन्य विशेषाधिकारों की जानकारी थी। इसी का गलत फायदा उठाकर उसने फर्जी IPS कार्ड बनवाया और अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी पर 'पुलिस' लिखवाकर विभिन्न इलाकों में खुद को बड़ा अधिकारी बताकर धाक जमाई। उसने कई जगहों पर IPS बनकर विशेष सुविधाएं भी हासिल की थीं।