नौगांवा सांवरिया सेठ धाम में भागवत समरसता महोत्सव का भव्य शुभारंभ; 501 मंगल कलशों की शोभायात्रा से गांव में उमड़ा आध्यात्मिक उत्सव
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) उपनगर पुर के समीप स्थित नौगांवा सांवरिया सेठ धाम शुक्रवार को भक्ति की अनोखी आभा में नहाया दिखा, जब 501 मंगल कलशों की शोभायात्रा चारभुजा मंदिर से ठाकुरजी के बेवाण के साथ निकली। बैंड-बाजे, वैदिक मंत्रोच्चार और “जय कन्हैया लाल की” के उद्घोष से पूरा वातावरण देवधर्ममय हो उठा। सौभाग्यवती महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों द्वारा की गई पुष्पवर्षा ने इस यात्रा की गरिमा को और बढ़ा दिया।
संत राधाकृष्ण महाराज का संदेश—‘मोबाइल की लत युवाओं की सबसे बड़ी बीमारी’
दोपहर 1 बजे व्यासपीठ पर विराजमान हुए प्रख्यात संत गोवत्स राधाकृष्ण महाराज ने आज की युवा पीढ़ी की मोबाइल-आसक्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि युवा रातभर मोबाइल में डूबे रहते हैं, जिस कारण अनिद्रा विकार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने भागवत कथा को आत्मा का सच्चा भोजन बताते हुए कहा कि फिल्में कुछ ही बार मनोरंजन देती हैं, पर भागवत कथा वर्षों बाद भी नई ताजगी का अनुभव कराती है। संत श्री ने सत्संग को सर्वोच्च संस्कार बताते हुए कहा—“सांवरे से मिलने का बहाना ही सत्संग है।” माधव गोशाला की पवित्रता से अभिभूत होकर उन्होंने इसे ‘गोधाम’ की उपाधि प्रदान की।
प्रदर्शनी में झलकी 23 वर्षों की गो-संरक्षण यात्रा
माधव गो विज्ञान संस्थान की रसायनशाला में लगाई गई विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी। इसमें पिछले 23 वर्षों से चल रहे गो-संरक्षण, सेवा और मंदिर निर्माण के दैदीप्यमान इतिहास को दर्शाया गया।
पहले दिन भारी भीड़ को कार्यकर्ताओं ने सुव्यवस्थित ढंग से संभाला। श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क बस सेवा, सुरक्षा, पेयजल व अन्य व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से की गईं। कथा संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया।
गणमान्यजनों ने लिया संत श्री का आशीर्वाद
कथा के प्रथम दिन व्यासपीठ पूजन के अवसर पर अनेक गणमान्यजनों ने उपस्थित होकर संत राधाकृष्ण महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसमें संत रामस्वरूप (बांसवाड़ा), वरिष्ठ प्रचारक सुरेश भाई, प्रांत कार्यवाह डॉ. शंकर लाल माली, जिला कार्यवाह सत्यनारायण कुमावत, कपासन से अशोक चंडालिया, महानगर संघचालक कैलाश खोईवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा आदि शामिल रहे।
आज कुमुद विहार में भव्य भजन संध्या
महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को कुमुद विहार–1 (फ्लोरा पार्क के सामने) में सायं 7:30 बजे से भजन संध्या का आयोजन होगा। संत राधाकृष्ण महाराज अपने भक्तिमय भजनों से श्रद्धालुओं के हृदयों में भक्ति की रसधारा प्रवाहित करेंगे। आयोजन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।