सोनी टीवी फ्रेम क्राइम पेट्रोल के कलाकार गुलशन पांडे 22 मार्च को भीलवाड़ा में जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव को भी शिविर में किया आमंत्रित
भीलवाड़ा : (राजकुमार गोयल) बॉलीवुड और टीवी सीरियल के मशहूर अभिनेता गुलशन पांडे पूर्वांचल जन चेतना समिति ट्रस्ट के 22 मार्च को आयोजित होने वाले निशुल्क चिकित्सा जांच शिविर कार्यक्रम में शिरकत करेंगे, साथ ही राजस्थान के मशहूर एक्टर राज जांगिड़ तथा लोक कलाकार अनोखी राजस्थानी कलाकार उद्घाटन सत्र और सम्मान समारोह में भी मौजूद रहेंगे। शिविर में मुख्य अतिथि के लिए जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव को भी जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी रजनीश वर्मा, स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली, जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल ने निमंत्रण दिया।
पूर्वांचल जन चेतना चैरिटेबल ट्रस्ट, भीलवाड़ा (राजस्थान) द्वारा “बिहार दिवस” के पावन अवसर पर एक भव्य एवं विशाल निःशुल्क चिकित्सा जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर दिनांक 22 मार्च 2026, रविवार को प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक टांक भवन, अम्बेश हॉस्पिटल के पास, आजाद नगर, भीलवाड़ा में आयोजित होगा।
जिला यूनेस्को संगठन की प्रवक्ता मधु लोढ़ा ने बताया कि 22 मार्च बिहार दिवस के उपलक्ष में 51 बिहार समाज के विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा जो बिहार समाज में अपने उत्कृष्ट योगदान के लिए पहचाने जाते हो। यह सम्मान जिला यूनेस्को एसोसिएशन व पूर्वांचल जन चेतना समिति (चैरिटेबल ट्रस्ट) के संयुक्त तत्वाधान में दिया जाएगा।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे समय पर उचित उपचार प्राप्त कर सकें। समिति द्वारा शिविर में आने वाले सभी मरीजों के लिए टेंट, बैठने की व्यवस्था, अल्पाहार एवं चाय-पानी की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी। साथ ही विशेष आकर्षण के रूप में बिहार दिवस के उपलक्ष्य में आमजन / परामर्शकर्ताओ के लिए पारंपरिक “लिट्टी-चोखा” का स्वाद भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे लोग स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ बिहार की संस्कृति का भी आनंद ले सकेंगे।