नंगली भवाना गांव में 30 साल पुराना अतिक्रमण हटाया, स्कूल निर्माण का रास्ता साफ
कठूमर (दिनेश लेखी) तहसील प्रशासन ने शुक्रवार को नंगली भवाना गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 30 साल पुराने अतिक्रमण को हटाकर सरकारी भूमि को मुक्त कराया। करीब पांच घंटे तक चली इस कार्रवाई में जेसीबी मशीनों की सहायता से 33 अतिक्रमियों द्वारा किए गए कब्जों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से गांव में लंबे समय से लंबित पड़े विद्यालय निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है।
तहसीलदार भानुप्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव के बीचों-बीच स्थित करीब 2 बीघा सरकारी ‘सिवायचक’ भूमि पर वर्षों से अवैध कब्जा किया हुआ था। अतिक्रमणकारियों ने इस भूमि पर पशु बांधने, घूड़े डालने, चारा रखने के साथ-साथ घेराबंदी कर बोरवेल तक बना लिया था। इसके चलते यहां प्रस्तावित उच्च प्राथमिक विद्यालय का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था और विद्यार्थियों को मजबूरी में किराए के भवन में पढ़ाई करनी पड़ रही थी।
उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।
शुक्रवार को तहसील प्रशासन पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचा और हल्के विरोध के बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान करीब 23 एयर क्षेत्रफल की भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जबकि शेष भूमि पर अब भी पक्का अतिक्रमण बना हुआ है।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच महिला कांस्टेबल सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। धौलागढ़ थाना प्रभारी रामजीलाल मीणा, कानूनगो, पटवारी सहित प्रशासनिक टीम मौके पर मौजूद रही और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई।
तहसील प्रशासन का कहना है कि अब इस भूमि पर जल्द ही विद्यालय भवन निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी, जिससे गांव के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। ग्रामीणों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि शीघ्र ही नए स्कूल भवन का निर्माण शुरू होगा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार आएगा।


