कालन्द्री शनिधाम मंदिर का 11वां वार्षिकोत्सव 19 जून को; जुटेंगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई दिग्गज
कालन्द्री (सिरोही/रमेश सुथार,) घांची समाज शिक्षा सेवा समिति रामसीन परगना के तत्वावधान में श्री शनिधाम मंदिर का 11वां वार्षिकोत्सव और श्री शनैश्वर महादेव मंदिर का प्रथम वार्षिकोत्सव आगामी 19 जून (शुक्रवार) को अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस भव्य धार्मिक व सामाजिक महोत्सव को लेकर क्षेत्र में भारी उत्साह है और मंदिर परिसर में पाण्डाल तथा भव्य स्वागत द्वार बनाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
शनिधाम ट्रस्ट के अध्यक्ष हरजीभाई रामसीन, उपाध्यक्ष रतन भाटी नून और कोषाध्यक्ष भरत भाई कालन्द्री ने संयुक्त रूप से बताया कि महोत्सव की शुरुआत 18 जून (गुरुवार) को होगी। इस दिन रात्रि में पूज्य संत-महात्माओं के पावन सानिध्य में एक विशाल भजन संध्या (भक्ति संध्या) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ख्यातनाम भजन गायक प्रस्तुतियां देंगे।
- शोभायात्रा और ध्वजारोहण 19 को
महोत्सव के मुख्य दिन 19 जून को अलसुबह विशेष महाआरती के साथ कार्यक्रम का आगाज होगा। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शुभ मुहूर्त में मंदिर के शिखर पर गाजे-बाजे के साथ ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पश्चात यज्ञ-हवन, भामाशाह लाभार्थियों और आमंत्रित अतिथियों का बहुमान व स्वागत-सत्कार किया जाएगा।
- प्रतिभा सम्मान और रक्तदान शिविर
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ समाज में शिक्षा और सेवा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस बार भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के होनहार छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ ही मानव सेवा के संकल्प के साथ एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी आयोजित होगा।
- सियासी और सामाजिक दिग्गजों का लगेगा मेला
इस दो दिवसीय महोत्सव में प्रदेश के कई वरिष्ठ राजनेता और सामाजिक संगठन शिरकत करेंगे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सिरोही-जालौर सांसद लुम्बाराम चौधरी और पाली विधायक भीमराज भाटी मौजूद रहेंगे।
इनके अलावा भीनमाल विधायक समरजीत सिंह, सिरोही जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित, प्रधान हंसमुख कुमार, सरपंच महीपाल सिंह देवड़ा, भाजपा नेता छगनलाल घांची, पूर्व जिला प्रमुख अन्नाराम बोराणा, रामसीन भाजपा मंडल अध्यक्ष छगनलाल कालन्द्री और कांग्रेस मंडल अध्यक्ष शिवलाल सहित कई गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि भी अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। महोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए रामसीन परगना घांची समाज के लोग और विभिन्न कमेटियों के सदस्य दिन-रात व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।


