भागवत कथा में सुदामा चरित्र की कथा का प्रसंग सुनाया, कथा की पूर्णाहुति पर भंडारा
सकट. कस्बे की आसान की डूंगरी ख़ाक नाथ मंदिर पर नवनिर्मित नव कुंडात्मक यज्ञशाला के पूजन कार्यक्रम व क्षेत्र में अच्छी बारिश के साथ ही खुशाली व सुख समृद्धि की कामना के लिए चल रही श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का समापन पूर्णाहुति के साथ बुधवार को होगा। इस मौके पर सामूहिक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजक कमेटी के छुट्टन लाल मीणा ने बताया कि कथा के सातवें दिन मंगलवार को कथा में उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रवचन देते हुए कथावाचक संत साईं राम महाराज ने रुक्मणी विवाह व सुदामा चरित्र की कथा का प्रसंग सुनाया। कथा के दौरान भगवान श्री कृष्ण रुक्मणी जी व सुदामा की जीवंत झांकी सजाई गई। कथा के दौरान कथावाचक ने बीच-बीच में मधुर मधुर भजनों की प्रस्तुतियां दी जिन पर महिला श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया और भगवान के जयकारे लगाए। नवनिर्मित यज्ञशाला में बनी यज्ञवेदी में यज्ञाचार्य प. रामबाबू शर्मा ने वैदिक मंत्रोरणों उच्चारण के साथ यजमानों से शुद्ध देसी घी व हवन सामग्री की आहुतियां दिलवाई गई। इस मौके पर पूर्व मंत्री कन्हैया लाल मीणा, पूर्व प्रधान सुबुद्धि लाल मीणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल जैन, पूर्व सरपंच मोती लाल मीणा, फूलचंद सैनी, बद्री प्रसाद बैसला, राजकुमार मीणा, प्रसादी लाल मीणा, रामकिशन बनी, गोपाल पांचाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

