मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ी लापरवाही: क्षमता से अधिक भरे स्कूल टेंपो से गिरकर LKG के छात्र की मौत
राजगढ़/रैणी, अलवर - अनिल गुप्ता : रैणी कस्बे में बाजोली रोड स्थित पानी की टंकी के पास मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। निजी स्कूल के बच्चों से ओवरलोड थ्री-व्हीलर टेंपो से अचानक एक मासूम बच्चा नीचे गिर गया। चलते वाहन से नीचे गिरे बालक के सिर पर उसी टेंपो का पिछला पहिया चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जयपुर अस्पताल में तोड़ा दम प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक बालक बाजोली निवासी दीक्षित कुमार था, जो रैणी के ही एक निजी स्कूल में एलकेजी (LKG) का छात्र था। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए मासूम को पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर (जयपुर) रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान जयपुर के अस्पताल में बच्चे ने दम तोड़ दिया।
क्षमता से कई गुना अधिक बच्चे थे सवार
-
17 से अधिक बच्चे थे ठूंसे: स्थानीय लोगों का आरोप है कि थ्री-व्हीलर टेंपो में क्षमता से कई गुना अधिक बच्चों को बैठाया गया था। मौके की तस्वीरों में भी करीब 17 बच्चे टेंपो में ठूंसे हुए दिखाई दे रहे हैं।
-
घटना के बाद दहशत: हादसे के बाद घबराए कई परिजन अपने बच्चों को खुद मोटरसाइकिल से सुरक्षित घर ले गए।
प्रशासन और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग इस दुखद घटना के बाद स्थानीय निवासियों और परिजनों में स्कूल प्रशासन तथा वाहन चालक की घोर लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और रैणी थाना पुलिस से ओवरलोड चल रहे स्कूल वाहनों के खिलाफ कड़ा अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसी और मासूम को अपनी जान न गंवानी पड़े।

