महुआ में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह: SDM व विधायक ने फहराया तिरंगा; वीरांगनाओं के चरण छूकर लिया आशीर्वाद, 63 प्रतिभाएं सम्मानित
महुआ (पत्रकार अवधेश अवस्थी):
महुआ के राजकीय टीकाराम पालीवाल उच्च माध्यमिक विद्यालय (अब्दुल कलाम पार्क) खेल मैदान में 80वें स्वतंत्रता दिवस का पावन राष्ट्रीय पर्व अत्यंत धूमधाम, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। उपखंड स्तरीय समारोह में उपखंड अधिकारी (SDM) प्रेम राज मीणा और विधायक राजेंद्र मीणा सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज तिरंगे को सलामी दी।
परेड और वीरांगनाओं का सम्मान
कार्यक्रम का शुभारंभ विवेकानंद मॉडल स्कूल के बैंड वादन, एनसीसी कैडेट्स, भारत स्काउट-गाइड और राजस्थान पुलिस की संयुक्त परेड के निरीक्षण के साथ हुआ। हर वर्ष की परंपरा को कायम रखते हुए 'इंदिरा विद्या मंदिर समिति' की संस्थापिका श्रीमती सत्यप्रभा अवस्थी, महुआ प्रेस क्लब अध्यक्ष (गौ पुत्र) अवधेश अवस्थी और समाजसेविका अनीता अवस्थी के सहयोग से देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों की वीरांगनाओं का सम्मान किया गया। अतिथियों ने वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर, माला पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
सांस्कृतिक रंग और 63 प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत दर्जनों रंगारंग और मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिस पर अतिथियों व दर्शकों ने पुरस्कारों की घोषणा की। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 63 प्रतिभाओं, कर्मचारियों और अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विधायक ने की विकास कार्यों और सौगातों की बौछार
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र मीणा ने वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने महुआ के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं:
-
खेडला में शहीद स्थल: अमर शहीदों की स्मृति में शहीद स्थल तथा 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण।
-
शिक्षा क्षेत्र में सौगात: महुआ कस्बे में अंबेडकर लाइब्रेरी, विधानसभा क्षेत्र में 17 निशुल्क ई-लाइब्रेरी और एक आधुनिक लैब का उद्घाटन।
-
सड़कें व सर्किल: कस्बे की सड़कों के सुदृढ़ीकरण के साथ भगवान परशुराम, भगवान विश्वकर्मा, गुरु गोरखनाथ और महाराणा प्रताप सर्किल के निर्माण की घोषणा की।
प्रशासनिक अधिकारी व गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
समारोह में डीएसपी अनूप सिंह, प्रेस क्लब अध्यक्ष अवधेश अवस्थी, थाना अधिकारी महेंद्र यादव, तहसीलदार पृथ्वीराज मीणा, बीडीओ सुनील कुमार मीणा, सीबीईओ कमलेश कुमार मीणा, ईओ राजेश मीणा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष घनश्याम अवस्थी, प्रधानाचार्य चंद्रकांत शर्मा, विमल जैन, विनीत बंसल, धारा सिंह गुर्जर और भगवान सहाय तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और आमजन उपस्थित रहे।

