ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बनाया 'चोर': व्यापारी के घर 1 लाख की चोरी का 36 घंटे में पर्दाफाश, बेटा ही निकला मास्टरमाइंड

Aug 16, 2026 - 14:19
 0
ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बनाया 'चोर': व्यापारी के घर 1 लाख की चोरी का 36 घंटे में पर्दाफाश, बेटा ही निकला मास्टरमाइंड

वैर (भरतपुर) कौशलेन्द्र दत्तात्रेय

​कस्बा वैर में एक व्यापारी के घर हुई 1 लाख रुपए की सनसनीखेज चोरी का वैर थाना पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस चोरी के विरोध में स्थानीय व्यापार महासंघ ने बाज़ार बंद रखकर विरोध जताया था, उस वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी गिरोह नहीं, बल्कि व्यापारी का अपना ही 20 वर्षीय बेटा निकला। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या था पूरा मामला?

​13 अगस्त को टोडेवाला मोहल्ला निवासी प्रहलाद कुमार वैश्य ने वैर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके रिहायशी मकान के बक्से में रखे 1 लाख रुपए अज्ञात चोर चुरा ले गए हैं। घटना की गंभीरता और बाज़ार के विरोध को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में वैर थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

CCTV फुटेज और ई-मित्र के रिकॉर्ड से खुला राज

​पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास और कस्बे के करीब 23 स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले, तो कहानी में मोड़ आया। फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि घटना के समय प्रहलाद अपनी दुकान पर थे और उनकी पत्नी शाम 6 बजे मंदिर गई थीं।

​घर पर अकेला मौजूद उनका बेटा पीयूष सिंघल (20) मां के जाने के ठीक 7 मिनट बाद मोटरसाइकिल लेकर निकला। जांच में पाया गया कि उसने PNB बैंक के पास स्थित एक ई-मित्र केंद्र पर जाकर ₹19,000 नगद जमा कराए और अपने खाते में ट्रांसफर करवाए। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो पूरे मामले का भांडा फोड़ हो गया।

तरीका-ए-वारदात: गेमिंग का कर्ज़ और 'नकली चोरी' की पटकथा

आरोपी पीयूष ऑनलाइन गेमिंग में सट्टा लगाने का आदी था। गेम में लगातार हारने के कारण उस पर भारी कर्ज़ा हो गया था। 30 जुलाई को जब उसके पिता ने बक्से में 1 लाख रुपए रखे, तो पीयूष धीरे-धीरे उसमें से पैसे चुराकर गेम में गंवाता रहा। जब सारे पैसे खत्म हो गए, तो पकड़े जाने के डर से उसने 13 अगस्त को घर का सामान बिखेरकर 'चोरी का ड्रामा' रचा और खुद मासूम बनकर घूमता रहा।

पुलिस टीम की तत्परता

​थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अजय सिंह, कांस्टेबल पवन कुमार और जजवीर सिंह की विशेष भूमिका के चलते यह मामला 36 घंटे के भीतर सुलझा लिया गया। पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................