गांधी जयंती पर सौंखर में विधिक जागरूकता शिविर, मध्यस्थता से विवादों के समाधान का दिया संदेश
कठूमर (दिनेश लेखी) तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर के तत्वावधान में शुक्रवार को गांधी जयंती एवं अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर ग्राम सौंखर स्थित अटल सेवा केंद्र में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर के निर्देशानुसार हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य विषय मध्यस्थता के माध्यम से अहिंसा को बढ़ावा देना, विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान तथा संवाद एवं सुलह की प्रक्रिया को मजबूत करना रहा। शिविर में अधिकार मित्र वीरेन्द्र कुमार नूंगरवार ने मुख्य वक्ता के रूप में आमजन को मध्यस्थता एवं वैकल्पिक विवाद समाधान के संबंध में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कई पारिवारिक, सामाजिक एवं अन्य विवादों का समाधान आपसी संवाद, समझौते और मध्यस्थता के माध्यम से बिना अनावश्यक टकराव के किया जा सकता है। मध्यस्थता के दौरान दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर मिलता है और निष्पक्ष मध्यस्थ संवाद स्थापित कर स्वीकार्य समाधान तक पहुंचने में सहयोग करता है।
शिविर में आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह, लोक अदालत तथा मध्यस्थता जैसे वैकल्पिक विवाद समाधान तंत्र की जानकारी दी गई। लोगों को विवाद बढ़ाने के बजाय समय रहते बातचीत और सुलह का रास्ता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान उपस्थित लोगों को अहिंसा, आपसी सम्मान, कानून के प्रति जागरूकता एवं शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में सहयोग की शपथ दिलाई गई। पीएलवी वीरेन्द्र कुमार नूंगरवार ने वृक्षारोपण एवं श्रमदान गतिविधियों में भी भाग लिया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में भगवान सहाय मीणा (एडीओ), भजनलाल खींची (ग्राम प्रशासक), पिंकी कुमारी (एलडीसी), हितेश कुमार शर्मा (वीडीओ), मिथलेश शर्मा (एएनएम), संता देवी (ग्राम सातीन), सुनीता सैनी एवं सुनीता देवी (आशा सहयोगिनी), लक्ष्मी देवी (सहायिका) तथा राजेश सैनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। शिविर में करीब 45 लाभार्थियों ने भाग लिया।

