जयपुर में आयोजित जनप्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम में पहुंचे कठूमर के सरपंच: सीएम भजनलाल शर्मा ने दिया 'अंतिम व्यक्ति तक लाभ' पहुंचाने का मंत्र
कठूमर /अलवर (दिनेश लेखी)
कठूमर पंचायत समिति के सरपंच संघ अध्यक्ष जोरमल जाटव के नेतृत्व में क्षेत्र के सरपंचों एवं पंचायती राज जनप्रतिनिधियों ने जयपुर स्थित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल (जवाहर नगर) के तक्षशिला ऑडिटोरियम में आयोजित 'पंचायती राज जनप्रतिनिधि प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम' में भाग लिया। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशभर से आए सरपंचों और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया।
ग्रामीण विकास में सरपंचों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में सरपंचों की भूमिका सबसे अहम होती है। गांव का गरीब, मजदूर और किसान अपनी समस्याओं व उम्मीदों के साथ सबसे पहले स्थानीय सरपंच के पास ही पहुंचता है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
'वन स्टेट-वन इलेक्शन' और नवाचारों पर हुई चर्चा
संवाद कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कराए गए विकास कार्यों और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नए प्रयोगों की जानकारी साझा की। इसके साथ ही, आगामी पंचायत चुनावों को 'वन स्टेट-वन इलेक्शन' की अवधारणा के तहत एक साथ कराने तथा ग्रामीण विकास की गति को निर्बाध बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इनकी रही प्रमुख मौजूदगी
कठूमर क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने ग्रामीण विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर टिटपुरी प्रशासक हरवीर चौधरी, कल्लूराम चौधरी बेरका, प्रशांत सिंह खेरली रेल, दिनेश चंद टिकरी, खेमा यादव बहतुकला और श्रीमान सौंख सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

