भरतपुर में श्री श्याम महोत्सव पर उमड़ा जनसैलाब: भजनों की सरिता में झूमे श्रद्धालु, 56 भोग के साथ सजा बाबा का अलौकिक दरबार
भरतपुर (विष्णु मित्तल)
श्री लखदातार युवा मित्र मंडल एवं श्री श्याम प्रेमी परिवार के संयुक्त तत्वावधान में कुम्हेर गेट स्थित राम दरबार मंदिर के महंत रघुवरदास महाराज के पावन सानिध्य में विशाल 'श्री श्याम महोत्सव' का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक महोत्सव के अंतर्गत आयोजित भजन संध्या एवं बृज संत दर्शन कार्यक्रम में भरतपुर शहर, जिले भर तथा पड़ोसी राज्यों से पहुंचे हजारों श्याम प्रेमियों का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा।
अखंड ज्योत, 56 भोग और धार्मिक अनुष्ठान
कार्यक्रम का शुभारंभ महंत रघुवरदास महाराज द्वारा विधि-विधान से श्री गणेश पूजन एवं श्याम बाबा की अखंड ज्योत प्रज्वलित करके किया गया। इस अवसर पर बाबा श्याम का नयनाभिराम अलौकिक श्रृंगार कर भव्य 56 भोग अर्पित किए गए। इसके साथ ही हवन, मोरछड़ी पावन स्पर्श एवं महाप्रसादी वितरण का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने बृज क्षेत्र से पधारे पूज्य संतों का आशीर्वाद प्राप्त कर विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि एवं पारिवारिक कल्याण की मंगल कामना की।
भजन गायकों ने बांधी समां, झूम उठे श्रद्धालु
संकीर्तन संध्या में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रख्यात भजन गायकों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। दिल्ली से आए गायक राहुल सांवरा, कानपुर के त्रिभुवन, पहाड़ी के धर्मवीर बृजवासी, कुम्हेर के विकास सोनी तथा भरतपुर की लोकप्रिय गायिका तनु फौजदार ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की गंगा बहाई। भजनों की मधुर धुनों पर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर देर रात तक नृत्य करते रहे।
संतों व कलाकारों का हुआ सम्मान
आयोजन के दौरान संत समाज और बाहरी क्षेत्रों से आए भजन गायकों का आयोजक मंडल द्वारा साफा पहनाकर एवं स्मृति चिह्न देकर भावभिना स्वागत व सम्मान किया गया।
इस भव्य आयोजन में गोविंद मंगल, अमर चंद मंगल, सोम दत्त गुप्ता, शैलेंद्र सैन, मनोज अग्रवाल, रमेश शर्मा, प्रवीण खंडेलवाल, विकास कुमार, जेठालाल, शिशुपाल, कृष्ण कुमार बंसल, नरेश परवानी, चीरू सिंह, शिवा वर्मा, शेखर शर्मा, अमित अग्रवाल, सोनू शर्मा, धीरज सिंह, मनोज कुमार शर्मा (वैर वाले) तथा अग्रवाल महासभा जिला महामंत्री ओम प्रकाश गुप्ता (अचार वाले) सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाज सेवी एवं भक्तगण उपस्थित रहे।

