तखतगढ़ में बड़ा हादसा टला: बाइक सवार को बचाने के चक्कर में 4 फीट गहरे नाले में गिरी कार, चालक बाल-बाल बचा
तखतगढ़ (पाली) बरकत खा
कस्बे के खेड़ावास मार्ग पर शुक्रवार को नगरपालिका प्रशासन की लापरवाही और सड़क किनारे बने खुले नालों के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बस स्टैंड की तरफ आ रही एक कार अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर करीब चार फीट गहरे खुले नाले में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में मौजूद चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है।
बाइक सवार को बचाने में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार खेड़ावास क्षेत्र से बस स्टैंड की ओर जा रही थी। तभी अचानक रास्ते में एक बाइक सवार सामने आ गया। बाइक सवार को टक्कर से बचाने के लिए कार चालक ने वाहन को तुरंत दूसरी दिशा में मोड़ दिया। इस दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बने बिना ढके नाले में जा गिरी। हादसे में कार के अगले दोनों पहिए नाले में बुरी तरह फंस गए। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए चालक को कार से सुरक्षित बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कार चालक खुद नगरपालिका का एक ठेकेदार है।
जेसीबी की मदद से निकाली गई कार
हादसे की सूचना मिलते ही नगरपालिका के जेईएन आकाश त्रिवेदी और सफाई निरीक्षक मुकेश माली दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पालिका प्रशासन की जेसीबी मशीन को बुलाकर कड़ी मशक्कत के बाद कार को नाले से बाहर खींचकर निकलवाया गया।
खुले नालों से मंडरा रहा हादसों का खतरा
घटना के बाद स्थानीय लोगों में पालिका प्रशासन के खिलाफ रोष देखा गया। निवासियों का कहना है कि कस्बे में सड़क किनारे नाले तो बना दिए गए हैं, लेकिन उन्हें ढका नहीं गया है। बजट की कमी या प्रशासनिक अनदेखी के चलते ये खुले नाले आए दिन हादसों को न्योता दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना इन खुले नालों को तुरंत प्रभाव से ढका जाए।

