तखतगढ़ के वार्ड 11 से 19 में दूर होगी पेयजल समस्या: ओपनवेल को मुख्य पाइपलाइन से जोड़ने का कार्य शुरू, कांग्रेस पार्षदों के प्रयास लाए
तखतगढ़ (बरकत खान) नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 से 19 तक पिछले कई दिनों से चरमराई पेयजल आपूर्ति व्यवस्था जल्द पटरी पर लौटेगी। कांग्रेस पार्षदों के निरंतर प्रयासों के बाद गुरुवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) ने समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य शुरू कर दिया।
विभाग के अभियंता जितेंद्र पटेल एवं सहायक अभियंता मेजर सिंह की देखरेख में बाल्दिया मार्ग स्थित ओपनवेल को नाग चौक क्षेत्र की मुख्य पाइपलाइन से जोड़ने का कार्य शुरू किया गया है। इस ओपनवेल का पानी मुख्य पाइपलाइन से जुड़ने के बाद संबंधित वार्डों में नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति संभव हो सकेगी, जिससे लंबे समय से जल संकट झेल रहे नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि कई वार्डों में पानी की किल्लत को लेकर कांग्रेस पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल लगातार पीएचईडी अधिकारियों से संपर्क साधे हुए था और स्थायी समाधान की मांग कर रहा था। इस कार्य को गति दिलाने में कांग्रेस प्रदेश सचिव व पार्षद अनराज मेवाड़ा, पार्षद भंवर मीना, सूरज वाल्मीकि, अर्जुन हिरागर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष फुटरमल सुथार, संजय हिरागर, कालु परमार, कैलाश चौधरी एवं गोविंद हिरागर के सतत प्रयास रहे। पार्षदों ने विभागीय अधिकारियों से संवाद कर कार्य को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया।

