एसआईआर अभियान से मृत और फर्जी मतदाताओं के नाम हट रहे, देश की व्यवस्था को कमजोर करना चाहती है कांग्रेस: कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत
सुमेरपुर / तखतगढ़ / बरकत खां
कैबिनेट मंत्री एवं सुमेरपुर विधायक जोराराम कुमावत ने शुक्रवार को सुमेरपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। सुमेरपुर और तखतगढ़ क्षेत्र के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल मीडिया बंधुओं की उपस्थिति में आयोजित इस वार्ता के दौरान मंत्री कुमावत ने कांग्रेस पार्टी पर देश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर अराजकता फैलाने और भ्रमित करने का गंभीर आरोप लगाया।
एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध करना: मंत्री कुमावत
कैबिनेट मंत्री कुमावत ने स्पष्ट किया कि एसआईआर अभियान पूरी तरह से एक लोकतांत्रिक और पारदर्शी प्रक्रिया है, जिसका मूल उद्देश्य मतदाता सूचियों को शुद्ध करना है। इसके तहत मृत, स्थानांतरित और एक से अधिक स्थानों पर जुड़े फर्जी मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि इस प्रक्रिया से किसी भी भारतीय नागरिक का नाम नहीं काटा जा रहा है, बल्कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि देश की सरकार चुनने का अधिकार केवल भारत के नागरिकों को मिले, न कि विदेशी घुसपैठियों को। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि देश में इससे पहले 12 बार एसआईआर हो चुका है, जिसमें से 10 बार कांग्रेस की ही सरकारें थीं।
कांग्रेस पर लगाया जनादेश के अपमान का आरोप
मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सहित विपक्षी दल अपनी राजनीतिक हारिस से बौखलाकर संवैधानिक संस्थाओं पर सवालिया निशान लगा रहे हैं, जो सीधे तौर पर देश को अराजकता की ओर धकेलने की साजिश है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने के बाद से देश में करोड़ों नए युवा मतदाता जुड़े हैं और 20 लाख से अधिक बीएलओ तथा राजनीतिक दलों के बीएलए इस पारदर्शी प्रक्रिया का हिस्सा रहे हैं।
कांग्रेस से तीखे सवाल और देश की उपलब्धियों का जिक्र
कैबिनेट मंत्री ने प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस से तीखे सवाल पूछते हुए कहा कि क्या कांग्रेस चाहती है कि मृत लोगों और विदेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में बने रहें? उन्होंने देश की बढ़ती सामरिक और अंतरिक्ष शक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि आज भारत आत्मनिर्भरता के साथ दुनिया में अपनी मजबूत धाक जमा रहा है, जिसे कांग्रेस और उसके वैचारिक सहयोगी हजम नहीं कर पा रहे हैं।
इस अवसर पर सुमेरपुर नगरपालिका अध्यक्ष चतुर्भुज शर्मा, तखतगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज नामा, सुमेरपुर नगर मंडल अध्यक्ष रविकांत रावल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनमसिंह परमार और जिला कार्यालय प्रभारी लक्ष्मणसिंह राजपुरोहित सहित कई गणमान्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

