श्री कृष्ण गोपाल गोशाला महुवा में गोवंश के लिए शीतकालीन पौष्टिक प्रसादी शुरू, गोवर्धन पूजा पर खिलाया बाजरा-गुड़-तेल का प्रसाद
गोशाला में भट्टी शुरू कर तैयार किया जा रहा विशेष आहार; तिलक व माल्यार्पण कर किया गया गो-पूजन
महुवा, दौसा (अवधेश अवस्थी):
सर्दी के मौसम की शुरुआत के साथ ही श्री कृष्ण गोपाल गोशाला महुवा में गोवंश की देखभाल और स्वास्थ्य को लेकर विशेष सेवा कार्य शुरू किया गया है। गोभक्तों के सहयोग से गोशाला परिसर में भट्टी शुरू की गई है, जहाँ बाजरा, खल, गुड़ और तेल से युक्त पौष्टिक आहार तैयार कर गो माताओं को खिलाया जा रहा है, ताकि उन्हें ठंड से बचाकर पर्याप्त पोषण दिया जा सके।
गोवर्धन पर्व पर किया विशेष गो-पूजन
मंगलवार को गोवर्धन पर्व के अवसर पर प्रातः 10:00 बजे गोशाला में विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। इस दौरान गो माताओं का तिलक लगाकर और माला पहनाकर विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद गोवंश को बाजरा-गुड़-तेल से बनी विशेष प्रसादी के साथ-साथ हरी सब्जियाँ, गुड़ और ताजा पालक खिलाया गया।
33 कोटि देवी-देवताओं का वास है गो माता में
इस अवसर पर गोवर्धन पूजा के पौराणिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों के साथ गोवंश की रक्षा की थी। सनातन धर्म में गो माता को कामधेनु माना गया है, जिनमें 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। गो सेवा से ही घर-परिवार में सुख, समृद्धि और शांति का वास होता है।
गोभक्तों की उपस्थिति व सहयोग की अपील
इस सेवा कार्य के दौरान गोशाला सचिव गोपुत्र अवधेश अवस्थी, कोषाध्यक्ष डॉ. माधव खंडेलवाल, कार्यकारिणी सदस्य नेमीचंद खेड़ली वाले, राजकुमार करीरी वाले, थान सिंह रेवारी, जसपाल रेवारी सहित कई पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में गोभक्त उपस्थित रहे। गोशाला प्रबंधन ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और आमजन से अपील की कि सर्दी के मौसम में गोवंश के संरक्षण व सेवा के लिए अधिक से अधिक संख्या में आगे आकर तन-मन-धन से सहयोग करें।

