पंचायतीराज चुनाव का अंतिम चरण: जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने डीग और कुम्हेर के 38 बूथों का लिया जायजा

Nov 16, 2026 - 18:38
 0
पंचायतीराज चुनाव का अंतिम चरण: जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने डीग और कुम्हेर के 38 बूथों का लिया जायजा

डीग / नीरज जैन (16 नवंबर)। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चौथे एवं अंतिम चरण के तहत सोमवार को जिले की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही। मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने मैदानी स्तर पर मोर्चा संभालते हुए डीग और कुम्हेर क्षेत्र के 10 विभिन्न मतदान केंद्रों के अंतर्गत आने वाले कुल 38 बूथों का औचक निरीक्षण किया।

संवेदनशील बूथों पर रहा कड़ा पुलिस पहरा

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दिदावली, गुहाना, खोह, टोड़ा, जटेरी तथा कुम्हेर क्षेत्र के पैंगोर, कुम्हा, गुनसारा, अजान और रारह के विभिन्न मतदान बूथों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मतदान को पूरी तरह शांतिपूर्ण रखने के लिए हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया था। इसके साथ ही, क्रिटिकल बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) भी पूरी तरह मुस्तैद रही।

जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट रहे मुस्तैद

क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ मोबाइल पुलिस पार्टी तैनात की गई थी, जबकि जोनल एवं एरिया मजिस्ट्रेट के रूप में एसडीएम और तहसीलदार लगातार क्षेत्रों का दौरा करते रहे। प्रशासन की सतर्कता के चलते मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न हुई।

मतदान के तुरंत बाद मतगणना की पुख्ता तैयारियां

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सोमवार रात्रि में ही होने वाली मतगणना के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर, पर्याप्त रोशनी और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि मतगणना का कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके। प्रशासन ने सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की सराहना की है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................