'नो पीयूसीसी-नो फ्यूल': वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र के बिना नहीं मिलेगा ईंधन, परिवहन विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान
‘नो पीयूसीसी-नो फ्यूल’: भरतपुर में वायु प्रदूषण के खिलाफ सख्त तेवर, बिना वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र के नहीं मिलेगा ईंधन
भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय: वायु प्रदूषण पर लगाम कसने और पर्यावरण को संरक्षित करने के उद्देश्य से परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने भरतपुर में कमर कस ली है। इसी कड़ी में सोमवार को मोटर वाहन निरीक्षक देवेंद्र सुंडा के नेतृत्व में शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों और बस स्टैंडों पर ‘नो पीयूसीसी-नो फ्यूल’ अभियान के तहत व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
पेट्रोल पंपों पर चला विशेष जागरूकता अभियान अभियान के दौरान शहर के महेश चतुर्वेदी फिलिंग स्टेशन (बस स्टैंड के पास), द नेशनल फ्यूल सप्लायर (कुम्हेर गेट) और निजी बस स्टैंड पर विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान पेट्रोल पंप संचालकों, बस चालकों, परिचालकों और आम वाहन स्वामियों को जागरूक किया गया कि वे बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (PUCC) के वाहन न चलाएं।
क्या दिए गए निर्देश? मोटर वाहन निरीक्षक देवेंद्र सुंडा ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि:
-
वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए हर वाहन पर वैध PUCC होना अनिवार्य है।
-
निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके ईओएल (End-of-Life) वाहनों और अत्यधिक धुआं छोड़ने वाले वाहनों के संचालन से पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है, जिससे बचना जरूरी है।
-
पेट्रोल पंप संचालकों को भी यह सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया कि वे नियमों की पालना में सहयोग करें।
स्वच्छ हवा के लिए नागरिकों की भागीदारी जरूरी प्रशासन का यह अभियान आमजन को स्वच्छ और सांस लेने योग्य हवा के महत्व को समझाने के लिए चलाया गया है। अधिकारियों ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे समय-समय पर अपने वाहनों की ट्यूनिंग और प्रदूषण जांच करवाएं तथा पर्यावरण को बचाने में अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाएं।

