मुंडावर में गांव गढ़ी के सूखे कुएं को पालिका ने किया संरक्षित
खैरथल (हीरालाल भूरानी) समीपवर्ती नगर पालिका मुण्डावर ने ग्राम गढ़ी के सामलाती कुएं को संरक्षित करने का फैसला लिया है। यह कुआं तिनकिरूडी मार्ग पर स्थित है।पहले यह सामलाती खातेदारों के उपयोग में था। अब यह सार्वजनिक उपयोग में आता है। जल स्तर नीचे चले जाने से यह सूख चुका है। इसकी गहराई करीब 110 फीट है। चारों ओर पक्की मुंडेर बनी है। सड़क की ओर दो फीट ऊंची है। बाकी दिशाओं में तीन से चार फीट ऊंची है। स्थानीय लोग धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में इस कुएं की पूजा करते हैं। कुएं को मिट्टी से भरने की कार्यवाही पर लोगों ने आपत्ति जताई। नागरिकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए पालिका ने इसे संरक्षित करने का निर्णय लिया।
जल संरक्षण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पालिका ने चेतावनी बोर्ड लगवाया है। मुंडेर की मरम्मत का काम चल रहा है। लोहे का जाल भी लगाया जा रहा है। जल्द ही कुएं को सुरक्षित ढंग से ढक दिया जाएगा। इससे धार्मिक उपयोग बना रहेगा और कोई दुर्घटना भी नहीं होगी।

