खैरथल:खैरथल-पड़ीसल मार्ग पर 5 अंडरपास तैयार,अधूरे निर्माण से बढ़ी ग्रामीणों की चिंता; रास्ता बंद होने पर लगाना पड़ेगा डेढ़ से दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर

Oct 30, 2026 - 16:40
 0
खैरथल:खैरथल-पड़ीसल मार्ग पर 5 अंडरपास तैयार,अधूरे निर्माण से बढ़ी ग्रामीणों की चिंता; रास्ता बंद होने पर लगाना पड़ेगा डेढ़ से दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर

खैरथल (हीरालाल भूरानी) 
        पड़ीसल से खैरथल के बीच रेलवे फाटकों पर बनाए जा रहे पांच अंडरपास का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इनसे आवागमन भी शुरू हो गया है, लेकिन शेड लगाने का काम अब भी अधूरा है ऐसे में तेज बारिश हुई तो अंडरपास में पानी भरने और रास्ता बाधित होने का खतरा बना रहेगा।
          पानी और दलदल के कारण रास्ता बंद हुआ तो ग्रामीणों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए खेतों के रास्ते डेढ़ से दो किलोमीटर तक का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ सकता है। रेलवे फाटक संख्या 98 सिवाना, 97 निभेड़ा, 95 बल्लभग्राम, 102 झाड़ोली और 99 भुलाड़ी-सैनपुरी पर अंडरपास बनाए जा रहे हैं। पांचों के निर्माण के लिए सितंबर 2024 में वर्क ऑर्डर जारी हुआ था। अक्टूबर 2025 तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन भूमि संबंधी बाधाओं और बारिश के कारण काम पिछड़ गया। इसके बाद निर्माण एजेंसी को छह महीने का अतिरिक्त समय देकर जुलाई 2026 तक काम पूरा करने की समय-सीमा तय की गई। इसके बावजूद अब तक करीब 90 प्रतिशत निर्माण ही पूरा हो पाया है। अंडरपास से आवागमन शुरू होने के बावजूद शेड नहीं लगाए जाने से लोगों को बारिश के दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। शेड नहीं होने से पानी अंडरपास में जमा होने की आशंका है।
सिवाना अंडरपास में यही समस्या, फिर भी नहीं लिया सबक
         सबसे ज्यादा परेशानी सिवाना क्षेत्र में है, जहां अंडरपास निर्माण को लेकर खुदाई की गई थी। जिससे पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से करीब एक साल से रास्तों पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। दो महीने पहले बारिश के दौरान भी ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। वही अब शेड का काम अधूरा होने से तेज बारिश होने पर हालात बिगड़ने की आशंका है। घाटला के गोपाल यादव, सिवाना के योगेश कुमार, झाड़ोली निवासी सुरेश ने बताया कि अंडरपास में दो महीने पहले हुई बारिश से पानी भर जाने के कारण डेढ़ किलोमीटर खेतों में चक्कर लगाकर घर आना जाना पड़ा था। ग्रामीणों ने अंडरपास में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने और शेड का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है।
इनका कहना है --
  इस संबंध में ठेकेदार मनोज चौधरी ने बताया कि पहले ग्रेप पाबंदियों और फिर बारिश के कारण निर्माण कार्य निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो सका। अब अंडरपास का काम लगभग पूरा हो गया है, आवागमन भी शुरू हो गया। शेड का काम जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................