महुवा में ग्रामीणों का विरोध चरम पर: करनपुर और प्यार का नगला में चुनाव बहिष्कार जारी, नहीं भरे गए वार्ड पंचों के नामांकन
महुवा (अवधेश अवस्थी)
त्रिस्तरीय पंचायती राज चुनाव के तहत महुवा पंचायत समिति क्षेत्र में ग्रामीणों का जबरदस्त विरोध और नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्र की पीपलखेड़ा ग्राम पंचायत के करनपुर गांव तथा सायपुर ग्राम पंचायत के प्यार का नगला गांव में ग्रामीणों के कड़े रुख के चलते वार्ड पंच पद के लिए एक भी नामांकन दाखिल नहीं किया गया। दोनों ही गांवों में ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव के पूर्ण बहिष्कार के अपने फैसले को पूरी तरह बरकरार रखा है।
मतदान के बाद अब नामांकन का भी बहिष्कार
रिटर्निंग अधिकारी प्रेमराज मीना ने बताया कि करनपुर और प्यार का नगला गांव के ग्रामीणों ने इससे पूर्व आयोजित हुए पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के चुनाव में भी मतदान प्रक्रिया में भाग नहीं लिया था और पूरी तरह वोटिंग का बहिष्कार किया था। अब उसी कड़े विरोध को जारी रखते हुए ग्रामीणों ने सरपंच और वार्ड पंच चुनाव में भी नामांकन नहीं भरकर अपना विरोध जताया है।
चुनावी माहौल में बना चर्चा का विषय
एक तरफ जहां दोनों गांवों में ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर बहिष्कार पर अड़े हुए हैं और नामांकन की प्रक्रिया शून्य रही है, वहीं दूसरी ओर अन्य क्षेत्रों में चुनावी हलचल तेज है, जहां प्रत्याशी घर-घर जाकर सघन जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। पंचायती राज चुनाव के बीच दो बड़े गांवों द्वारा लगातार किया जा रहा यह चुनाव बहिष्कार पूरे महुवा क्षेत्र में भारी चर्चा का विषय बना हुआ है।

