संस्कृत दिवस समारोह में चिराना निवासी डॉ. रतन सिंह शेखावत को मिलेगा "संस्कृत युवा प्रतिभा विद्वत पुरस्कार"
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव ) संस्कृत शिक्षा विभाग, राजस्थान द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले संस्कृत दिवस समारोह में इस बार प्रदेश के प्रख्यात युवा विद्वान डॉ. रतन सिंह शेखावत को "संस्कृत युवा प्रतिभा विद्वत पुरस्कार" से उदयपुर में सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. शेखावत का यह चयन उनकी संस्कृत भाषा में रचित चर्चित कृति "मोदी शतकम्" के लिए किया गया है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और कृतित्व का शतकबद्ध काव्य रूप में अद्भुत चित्रण किया है।
यह गरिमामय सम्मान 07 अगस्त 2025 को उदयपुर सिटी में आयोजित संस्कृत दिवस समारोह में शिक्षा मंत्री मदनलाल दिलावर के सानिध्य में प्रदान किया जाएगा। संस्कृत जगत में डॉ. शेखावत के इस चयन को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी रचना ने न केवल संस्कृत साहित्य को एक नया आयाम प्रदान किया है, बल्कि युवाओं में संस्कृत भाषा के प्रति नई चेतना भी जागृत की है।