गौ-सेवा से समाज में सद्भाव, समृद्धि और नैतिकता की स्थापना होती है- जवाहर सिंह बेढम
जड़खोर धाम में बाबा घनश्याम दास की पुण्यतिथि पर उन्हें अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि
डीग (नीरज जैन) गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने शुक्रवार की डीग के जड़खोर धाम में आयोजित कार्यक्रम में पूज्य संत बाबा घनश्यामदास महाराज जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री बेढम ने कहा कि बाबा घनश्यामदास महाराज जी का जीवन समाज सेवा, धार्मिक जागरण तथा मानवीय मूल्यों के संवर्धन के लिए समर्पित रहा। उनके द्वारा स्थापित आदर्श और शिक्षा आज भी समाज को सही दिशा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत महापुरुषों का जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके मार्गदर्शन से हमें जीवन में त्याग, तपस्या और लोक कल्याण की भावना ग्रहण करनी चाहिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत महात्माओं, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर बाबा घनश्यामदास महाराज जी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद बेढम ने श्री जड़खोर धाम स्थित गौशाला का निरीक्षण करते हुए गौशाला की व्यवस्था एवं गौ-सेवा संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के पश्चात बेढम ने यहां कामधेनु गाय की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की । इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व है। गौ-सेवा से समाज में सद्भाव, समृद्धि और नैतिकता की स्थापना होती है। उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि जड़खोर धाम द्वारा संचालित यह सेवा गतिविधि अनुकरणीय है। इस दौरान गृह राज्य मंत्री के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि, संत समाज एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


