ग्रामीण सेवा शिविर: प्रेमसिंह ने मकान का पट्टा मिलने पर जताई खुशी
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 19 सितम्बर। गांव नौगाया निवासी प्रेमसिंह पुत्र रतन सिंह को गांव की आबादी में स्थित मकान के दस्तावेज नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
प्रेमसिंह को समस्या के समाधान के लिए कार्यालय ग्राम पंचायत हथैनी में संपर्क करने पर पता चला कि ग्राम पंचायत में 19 सितम्बर को राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में आवेदन करने पर तुरन्त ही स्वामित्व योजना के तहत पट्टा वितरण किया जाएगा।
शिविर की जानकारी प्राप्त होने पर प्रेमसिंह द्वारा ग्रामीण सेवा शिविर में स्वामित्व योजना के तहत पट्टा के लिए आवेदन किया जिस पर ग्राम पंचायत द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए तत्समय पट्टा प्रदान किया गया। अब पट्टा मिलने से मुझे अपनी भूमि का मालिकाना हक प्राप्त हो गया है तथा पट्टा मिलने से मैं लोन लेकर आजीविका हेतु व्यवसाय प्रारम्भ कर सकता हूं। लाभार्थी प्रेमसिंह ने ग्रामीण सेवा शिविर के संचालन के लिए राज्य सरकार एवं प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।

