बयाना के बाजारों में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे हुए स्थापित
बयाना (शशिकांत शर्मा ) बयाना शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नगरपालिका प्रशासन ने प्रमुख चौराहों और बाजारों में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए हैं। इन कैमरों की स्थापना के लिए विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने अपनी विधायक निधि से 20 लाख रुपए का अनुदान दिया। गुरुवार शाम बयाना पुलिस थाना परिसर में कंट्रोल रूम का शुभारंभ विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने किया। इस मौके पर नगरपालिका चेयरमैन विनोद अग्रवाल, ईओ अंकुर जैन और सीआई बाबूलाल गुर्जर मौजूद रहे। कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिसकर्मी अब 24 घंटे शहर की निगरानी कर सकेंगे। डॉ. बनावत ने कहा कि कैमरों से अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दोनों में सुधार होगा। चेयरमैन विनोद अग्रवाल ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर कैमरे लगाए गए हैं और आगे अन्य क्षेत्रों में भी इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी।